गिरिडीह:
गिरिडीह जिले के बेंगाबाद थाना क्षेत्र के पहाड़पुर गांव से प्रेम-प्रसंग से जुड़ी हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बिहार के जमुई जिले के मोरियाडीह निवासी 16 वर्षीय मिथुन कुमार की कथित तौर पर धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि किशोर का पहाड़पुर की एक लड़की से करीब एक साल से इंस्टाग्राम के जरिए संपर्क था।

चार दिन बाद कुत्तों ने खोला हत्या का राज
परिजनों के मुताबिक रविवार को लड़की ने फोन कर मिथुन को अपने घर बुलाया था। इसके बाद से उसका कोई पता नहीं चला। परिजन लगातार चार दिनों तक उसकी तलाश करते रहे। इसी दौरान जब वे पहाड़पुर पहुंचे तो घर के पीछे जमीन से शव का एक पैर बाहर निकला हुआ मिला। इसके बाद पूरे मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि किशोर की हत्या कथित तौर पर घर के अंदर की गई और साक्ष्य छिपाने के लिए शव के टुकड़े कर दिए गए। आरोप है कि शव को जलाने का प्रयास भी किया गया, लेकिन बाद में घर के पीछे खजूर के पेड़ के पास गड्ढा खोदकर उसे जमीन में दफना दिया गया। हत्या के तीन-चार दिन बाद शव से दुर्गंध आने लगी। इसी बीच कुत्तों ने जमीन खोदकर शव का एक पैर बाहर खींच लिया। सुबह ग्रामीणों की नजर जमीन से बाहर निकले पैर पर पड़ी तो मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की।
.jpeg)
कमरे में मिले खून के निशान, परिवार के तीन लोग हिरासत में
घटना के बाद पुलिस ने लड़की, उसके पिता जगदीश दास और मां को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार आरोपी के कमरे के अंदर भी खून के धब्बे पाए गए हैं। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों को सुरक्षित करने के लिए फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की और जरूरी नमूने जुटाए। बताया जा रहा है कि हत्या और शव को दफनाने के बाद आरोपी परिवार घर में ही रह रहा था। पुलिस अब हत्या की वजह, वारदात में शामिल लोगों और इस्तेमाल किए गए हथियार की जानकारी जुटाने में लगी है।
.jpeg)
मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में जमीन खोदकर निकाला गया शव
मामले की जानकारी मिलने के बाद एसडीपीओ जीतवाहन उरांव, सीओ सफी आलम, इंस्पेक्टर बम-बम कुमार सिंह और थाना प्रभारी अमन कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। सीओ की मौजूदगी में मजिस्ट्रेट की निगरानी में जमीन की खुदाई कर शव को बाहर निकाला गया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया। घटना की खबर फैलते ही मृतक के परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। आक्रोशित परिजनों ने मुख्य आरोपी बताए जा रहे जगदीश दास के साथ मारपीट भी की। पुलिस ने किसी तरह स्थिति को संभाला और आरोपियों को भीड़ से सुरक्षित बाहर निकाला।

दिल्ली में करता था काम, छह महीने से गांव में रह रहा था
मिथुन कुमार चार भाइयों में तीसरे नंबर पर था। परिजनों के अनुसार वह पहले दिल्ली में काम करता था, लेकिन पिछले करीब छह महीने से गांव में ही रह रहा था। रविवार को वह घर से निकला था, जिसके बाद वापस नहीं लौटा। परिजन लगातार उसकी तलाश कर रहे थे। एसडीपीओ जीतवाहन उरांव ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला प्रेम-प्रसंग से जुड़ी हत्या का प्रतीत हो रहा है। उन्होंने कहा कि शव को काटकर जमीन में दफनाया गया था। लड़की और उसके माता-पिता को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं और फॉरेंसिक टीम ने भी जांच की है। हत्या में इस्तेमाल हथियार की तलाश की जा रही है।