द फॉलोअप डेस्क
गिरिडीह के बेंगाबाद थाना क्षेत्र के पहाड़पुर गांव में इंस्टाग्राम के जरिए शुरू हुए प्रेम-प्रसंग का खौफनाक अंत सामने आया है। बिहार के जमुई जिले के 16 वर्षीय किशोर मिथुन कुमार की हत्या कर दी गई। आरोप है कि हत्या के बाद साक्ष्य मिटाने की कोशिश की गई और शव को ठिकाने लगाने के लिए उसे घर के पीछे जमीन में दबा दिया गया। करीब चार दिन बाद जमीन से शव का एक हिस्सा बाहर दिखाई देने और दुर्गंध फैलने के बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए किशोर की कथित प्रेमिका, उसके पिता जगदीश दास और मां को हिरासत में लिया है। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं।

फोन कर किशोर को घर बुलाने का आरोप
मृतक के परिजनों के अनुसार जमुई जिले के मोरियाडीह निवासी मिथुन कुमार का पहाड़पुर की एक लड़की से करीब एक साल से संपर्क था। दोनों के बीच इंस्टाग्राम के जरिए बातचीत और प्रेम-प्रसंग की बात सामने आई है। आरोप है कि रविवार को लड़की ने फोन कर मिथुन को अपने घर बुलाया था। इसके बाद वह लापता हो गया। परिजन लगातार चार दिनों तक उसकी तलाश करते रहे। इसी दौरान जब परिजन पहाड़पुर पहुंचे तो वहां किशोर के शव के बारे में जानकारी सामने आई। आशंका जताई जा रही है कि घर के अंदर ही धारदार हथियार से किशोर की हत्या की गई। पुलिस को आरोपी के कमरे के अंदर भी खून के धब्बे मिले हैं। आरोप है कि हत्या के बाद शव को छिपाने की कोशिश की गई और आरोपी परिवार घटना के बाद भी घर में ही रह रहा था।

कुत्तों ने जमीन खोदी तो सामने आया राज
बताया जा रहा है कि शव को जमीन में दबाने के तीन-चार दिन बाद वहां से दुर्गंध आने लगी। इसी दौरान जंगली जानवरों या कुत्तों ने जमीन खोद दी और शव का एक हिस्सा बाहर आ गया। सुबह ग्रामीणों की नजर जमीन से बाहर निकले पैर पर पड़ी। इसके बाद मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और पुलिस को सूचना दी गई। घटना की जानकारी मिलते ही एसडीपीओ जीतवाहन उरांव, सीओ सफी आलम, इंस्पेक्टर बम-बम कुमार सिंह और थाना प्रभारी अमन कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। सीओ की मौजूदगी में बतौर मजिस्ट्रेट जमीन खुदवाकर शव को बाहर निकाला गया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया। घटना के बाद मृतक के परिजनों में भारी आक्रोश देखा गया और मौके पर हंगामा भी हुआ। आक्रोशित परिजनों ने मुख्य आरोपी बताए जा रहे जगदीश दास के साथ मारपीट की, जिसके बाद पुलिस ने बीच-बचाव कर आरोपियों को सुरक्षित बाहर निकाला। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हत्या के पीछे की परिस्थितियों तथा घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।