गिरिडीह
80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शुक्रवार को गिरिडीह शहर के ऐतिहासिक झंडा मैदान में आयोजित मुख्य समारोह में झारखंड सरकार के नगर विकास एवं आवास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस अवसर पर उन्होंने परेड की सलामी ली तथा उपस्थित लोगों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उनके साथ मौके पर गिरिडीह डीसी रामनिवास यादव, एसपी बिमल कुमार समेत कई लोग मौजूद रहे।
स्वतंत्रता सेनानियों को किया नमन
अपने संबोधन में मंत्री सुदिव्य कुमार ने देश की आजादी के लिए बलिदान देने वाले स्वतंत्रता सेनानियों को नमन करते हुए कहा कि उनके त्याग और संघर्ष की बदौलत ही आज हम स्वतंत्र भारत में सांस ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आम जनता के विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और आधारभूत संरचनाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए लगातार कार्य कर रही है।

अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर जोर
मंत्री ने कहा कि झारखंड सरकार ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए कई महत्वाकांक्षी योजनाएं चला रही है, जिसका लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने और देश को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का आह्वान किया।
छात्रों ने मार्च पास्ट और सांस्कृतिक कार्यक्रमों से बांधा समां
समारोह के दौरान विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं, पुलिस बल एवं अन्य दलों ने आकर्षक मार्च पास्ट प्रस्तुत किया। वहीं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों ने देशभक्ति की भावनाओं को जीवंत कर दिया। कार्यक्रम में जिला प्रशासन के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे।