गिरडीह
जमुआ गांव में रसोई गैस की किल्लत और केवाईसी अपडेट के नाम पर ₹200 की कथित अवैध वसूली से परेशान उपभोक्ताओं ने मंगलवार को नीला कांत गैस एजेंसी के सामने सड़क जाम कर उग्र प्रदर्शन किया। सुबह से ही बड़ी संख्या में जुटी महिलाओं, बुजुर्गों और ग्रामीणों ने एजेंसी प्रबंधन व प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की, जिसके कारण सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
कभी सर्वर खराब तो कभी स्टॉक खत्म
ग्राहकों का आरोप है कि पिछले पांच दिनों से उन्हें गैस सिलेंडर के लिए लगातार चक्कर कटवाए जा रहे हैं। कभी सर्वर खराब होने का बहाना बनाया जा रहा है तो कभी स्टॉक खत्म होने की बात कहकर लोगों को वापस लौटा दिया जा रहा है। इससे घरेलू कामकाज पूरी तरह प्रभावित हो गया है और लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
केवाईसी के नाम पर की जा रही अवैध वसूली
प्रदर्शन कर रहे लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि KYC अपडेट के नाम पर एजेंसी द्वारा प्रति ग्राहक ₹200 की अवैध वसूली की जा रही है। उपभोक्ताओं का कहना है कि बिना पैसे दिए गैस वितरण नहीं किया जा रहा है। गरीब और मजदूर वर्ग के लोगों ने बताया कि महंगाई के दौर में पहले ही घर चलाना मुश्किल हो गया है, ऊपर से एजेंसी की मनमानी ने उनकी परेशानी और बढ़ा दी है। रोड जाम के कारण कुछ देर तक सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलने पर स्थानीय प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची तथा लोगों को समझाने का प्रयास किया। अधिकारियों ने एजेंसी संचालक से बातचीत कर मामले की जांच और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद धीरे-धीरे जाम समाप्त कराया गया।