द फॉलोअप डेस्क, रांचीः
गिरिडीह के गावां थाना क्षेत्र के झाराढाब गांव में शादीशुदा महिला से मिलने पहुंचे बिहार के नवादा जिले के युवक को ग्रामीणों ने उसकी प्रेमिका के साथ पकड़ लिया। इसके बाद दोनों को एक पेड़ से बांध दिया गया। ग्रामीणों ने दोनों की जमकर लानत-मलामत की और उन्हें अपमानित किया। इस दौरान कुछ लोगों ने दोनों की पिटाई भी की। दोनों को कई घंटों तक बंधक बनाकर रखा गया। बताया जा रहा है कि नवादा के गोविंदपुर निवासी युवक का झाराढाब की एक शादीशुदा महिला से प्रेम संबंध था। युवक पहले भी कई बार महिला से मिलने उसके घर आता था और दोनों के संबंधों की चर्चा गांव में होने लगी थी।

वीडियो सोशल मीडिया पर हुआ वायरल
इस मामले को लेकर ग्रामीणों ने पंचायत भी बुलाई। पंचायत में दोनों को सामाजिक मर्यादा और रिश्तों को लेकर काफी बातें सुनाई गईं। इसी दौरान कुछ लोगों ने दोनों को थप्पड़ भी मारे। ग्रामीणों ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाया और उसे सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर अपलोड कर दिया। पंचायत में फैसला होने से पहले ही वीडियो वायरल हो गया। वीडियो गिरिडीह एसपी डॉ. बिमल कुमार के संज्ञान में पहुंचा, जिसके बाद पुलिस अलर्ट हुई और एसपी ने गावां थाना प्रभारी को तत्काल गांव पहुंचने का निर्देश दिया।
.jpeg)
पुलिस ने दोनों को छुड़ाया, कार्रवाई की तैयारी
पुलिस टीम झाराढाब गांव पहुंची और पेड़ से बंधे दोनों को मुक्त कराकर थाने ले आई। फिलहाल दोनों से पूछताछ की जा रही है। गावां थाना प्रभारी जय प्रकाश कुमार ने बताया कि बिहार के नवादा का युवक गावां के झाराढाब की एक महिला के साथ प्रेम करता है और दोनों आपस में मिल रहे थे। इसी दौरान ग्रामीणों ने दोनों को पकड़कर पेड़ से बांध दिया। थाना प्रभारी ने कहा कि कानून को हाथ में लेने वाले लोगों और घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।