द फॉलोअप डेस्क
गिरिडीह जिले के गांडेय थाना क्षेत्र अंतर्गत झरघट्टा गांव में जंगली मशरूम खाने से एक ही परिवार के छह लोगों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। सभी को फूड पॉइजनिंग की शिकायत होने पर आनन-फानन में इलाज के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल लाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। बीमार होने वालों में 18 वर्षीय नेहा कुमारी, 50 वर्षीय दशरथ गोस्वामी, 19 वर्षीय कृष्णा गोस्वामी, 4 वर्षीय अर्चना कुमारी, 25 वर्षीय विशाल गोस्वामी और 45 वर्षीय गीता देवी शामिल हैं।

मशरूम खाने के कुछ देर बाद बिगड़ी तबीयत
परिजनों के अनुसार, परिवार के लोगों ने घर में जंगल से लाए गए मशरूम की सब्जी बनाकर खाई थी। भोजन करने के कुछ ही देर बाद सभी को उल्टी, पेट दर्द और बेचैनी की शिकायत होने लगी। हालत बिगड़ने पर परिजन बिना देर किए सभी को गिरिडीह सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने तत्काल इलाज शुरू किया।

डॉक्टरों ने लोगों से बरतने को कहा विशेष सावधानी
सदर अस्पताल में चिकित्सकों की निगरानी में सभी मरीजों का इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार, समय पर अस्पताल पहुंचने के कारण सभी की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। घटना के बाद लोगों से अपील की गई है कि जंगल से लाए गए या बिना पहचान वाले किसी भी जंगली मशरूम का सेवन न करें, क्योंकि कई प्रकार के मशरूम जहरीले होते हैं और इनके सेवन से गंभीर फूड पॉइजनिंग के साथ जान का खतरा भी हो सकता है।