logo

गिरिडीह में सदर अस्पताल के पूर्व उपाधीक्षक डॉ. बी.एन. झा का शव कुएं से बरामद

वैै.jpg

द फॉलोअप डेस्क
गिरिडीह से सोमवार सुबह एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। सदर अस्पताल के पूर्व उपाधीक्षक (डीएस) डॉ. बी.एन. झा का शव संदिग्ध परिस्थितियों में शहर के पाचम्बा थाना क्षेत्र के लखारी स्थित एक कुएं से बरामद किया गया। स्थानीय लोगों ने कुएं में शव तैरता देखा, जिसके बाद इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।


स्थानीय लोगों की मदद से निकाला गया शव
पुलिस ने स्थानीय लोगों की सहायता से शव को कुएं से बाहर निकलवाया और कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। घटना की खबर फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। डॉ. बी.एन. झा शहर के जाने-माने चिकित्सकों में शामिल रहे हैं, इसलिए उनके निधन की सूचना से चिकित्सा जगत और स्थानीय लोगों में शोक की लहर है।


हर पहलू से जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल डॉ. बी.एन. झा की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस मामले को संदिग्ध मानते हुए हर पहलू से जांच कर रही है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है।

Tags - Giridih Jharkhand Doctor Police Investigation