logo

बिरयानी खाने के बाद एक ही परिवार के 3 लोग बीमार, दो साल का मासूम भी अस्पताल में भर्ती

वगीबोलग.jpg

द फॉलोअप डेस्क
गिरिडीह मुफस्सिल थाना क्षेत्र के झरियागादी में बिरयानी खाने के बाद एक ही परिवार के तीन सदस्य बीमार हो गए। पीड़ित मो. आजम के अनुसार, वे देर शाम अपनी दुकान बंद कर घर लौटते समय शहर के भंडारीडीह के पास स्वर्ण सिनेमा के बगल स्थित झारखंड फास्ट फूड नामक दुकान से बिरयानी का पार्सल लेकर आए थे। घर पहुंचने के बाद उन्होंने अपनी पत्नी फातिमा खातून और दो वर्षीय बेटे मो. साहिल रजा के साथ बिरयानी खाई। कुछ ही देर में तीनों की तबीयत बिगड़ गई और उन्हें लगातार उल्टियां व पेट दर्द की शिकायत होने लगी। इसके बाद परिजनों ने तत्काल तीनों को गिरिडीह के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज जारी है।


दुकानदार पर खराब बिरयानी देने का आरोप
पीड़ित मो. आजम ने आरोप लगाया है कि दुकानदार ने विषाक्त या खराब बिरयानी दी, जिसके कारण उनकी और परिवार के दो अन्य सदस्यों की तबीयत बिगड़ गई। उन्होंने बताया कि घर में कुल नौ सदस्य हैं, लेकिन बिरयानी केवल तीन लोगों ने ही खाई थी और केवल वही बीमार पड़े। पीड़ित पक्ष ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।


अस्पताल में इलाज जारी, खाद्य गुणवत्ता पर उठे सवाल
अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार तीनों मरीजों की हालत फिलहाल स्थिर है, लेकिन डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार जारी है। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने इलाके में बिकने वाले तैयार खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और साफ-सफाई पर गंभीर चिंता जताई है। लोगों ने खाद्य दुकानों की नियमित जांच कराने और लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वाले दुकानदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Tags - Giridih News Food Poisoning Biryani Jharkhand Health