logo

गिरिडीह में कांग्रेस का चुनाव आयोग के खिलाफ प्रदर्शन, CEC ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग

गिरिडीह में कांग्रेस का चुनाव आयोग के खिलाफ प्रदर्शन, CEC ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग

द फॉलोअप, गिरिडीह:
 

Jharkhand News: चुनाव आयोग (Election Commission) द्वारा विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत मतदाता सूची में कथित गड़बड़ी और आयोग की कार्यप्रणाली के विरोध में सोमवार को गिरिडीह जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से प्रदर्शन किया गया। कांग्रेस कार्यकर्ता शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए उपायुक्त कार्यालय पहुंचे, जहां जमकर नारेबाजी की गई। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए। कांग्रेस ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ “ज्ञानेश कुमार को गिरफ्तार करो” और “वोट की गद्दी छोड़ो” जैसे नारे लगाए। इसके बाद ज्ञानेश कुमार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi) और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (Amit shah) का पुतला दहन किया गया। प्रदर्शन के बाद कांग्रेस नेताओं ने राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन उपायुक्त को सौंपा। 

पात्र नागरिक के मताधिकार पर प्रतिकूल प्रभाव न पड़े

इस दौरान जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सतीश केडिया ने निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली, SIR की प्रक्रिया और मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने एवं संशोधन को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में होने वाला प्रत्येक बदलाव पारदर्शी, निष्पक्ष और निर्धारित कानूनी प्रक्रिया के तहत होना चाहिए, ताकि किसी भी पात्र नागरिक के मताधिकार पर प्रतिकूल प्रभाव न पड़े। उन्होंने कहा कि हाल में सामने आई एक मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, निर्वाचन आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने पिछले दस महीनों में कम से कम 14 बार निर्वाचन आयोग के निर्णयों और आदेशों पर औपचारिक आपत्ति दर्ज की। रिपोर्ट में मतदाता सूची में नाम जोड़ने-हटाने, फॉर्म-6 में बदलाव और निर्वाचन संबंधी आईटी प्रणाली के केंद्रीकरण सहित कई मुद्दों का उल्लेख किया गया है। 

ज्ञानेश कुमार पर गंभीर आरोप

कांग्रेस ने निर्वाचन संबंधी आईटी सिस्टम, डेटा प्रबंधन और उसके केंद्रीकरण की स्वतंत्र तकनीकी एवं संस्थागत समीक्षा कराने की मांग की। साथ ही उन्होंने कहा कि SIR के दौरान मतदाता सूची (Voter List) में किए गए सभी महत्वपूर्ण बदलावों की स्वतंत्र समीक्षा होनी चाहिए और किसी भी नागरिक का नाम हटाने से पहले उसे निर्धारित प्रक्रिया के तहत सत्यापन और अपना पक्ष रखने का अवसर मिलना चाहिए। सतीश केडिया ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर गंभीर आरोप लगाते हुए उनकी कार्यप्रणाली पर सवाल उठाया और राष्ट्रपति (President of India) से उन्हें पद से हटाने, उनके खिलाफ कार्रवाई करने तथा उनके कार्यकाल में लिए गए निर्णयों एवं मतदाता सूची में हुए बदलावों की व्यापक समीक्षा कराने की मांग की। 

बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद

चुनाव आयोग के खिलाफ प्रदर्शन को अशोक विश्वकर्मा, मनीर आलम, मोहम्मद अली खान, निजाम अंसारी, मोहम्मद सोहेल, अहमद रजा नूरी, मोतीलाल शास्त्री, अकबर अंसारी, मोहम्मद इम्तियाज, रणधीर चौधरी, निरंजन तिवारी, मनोज राय, इतवारी वर्मा और नागेश्वर मंडल समेत अन्य नेताओं ने संबोधित किया।  इस दौरान मोहम्मद शमी, विमल सिंह, पारस मित्र, दिवाकर सिंह, शिव कुमार राय, रामाशीष तिवारी, सहदेव पासवान, परमेश्वर यादव, पप्पू पांडे, राहुल सिंह, प्रकाश मंडल, कपिल देव राय, अनिल चौधरी, वरुण सिंह, निशाब अहमद, बिलाल अहमद, हुसैनी, शाहनवाज आलम, सुलेमान अख्तर, दुर्गा शर्मा, नदीम अख्तर, प्रवीण हेंब्रम, रोशिनता हेंब्रम, शाहिद सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Tags - Election Commission Special Intensive Revision Chief Election Commissioner Jharkhand politics Congress protest