द फॉलोअफ डेस्क
गिरिडीह शहर के हुट्टी बाजार स्थित शहीद सीताराम उपाध्याय चिल्ड्रेन पार्क का तालाब इन दिनों एक दर्दनाक घटना को लेकर चर्चा में है। तालाब में कथित तौर पर जहर डाल दिए जाने से करीब 3 क्विंटल मछलियों की मौत हो गई। तालाब के किनारे बड़ी संख्या में मृत मछलियां मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना से स्थानीय लोगों में भी नाराजगी देखी जा रही है। जानकारी के अनुसार, मत्स्य विभाग की ओर से मार्च 2025 में तालाब के लिए मछली पालन का टेंडर जारी किया गया था। इसके बाद स्थानीय युवक संदीप मल्हा ने तालाब में मछली पालन शुरू किया था। बुधवार सुबह जब वह तालाब पहुंचे तो पानी में बड़ी संख्या में मरी हुई मछलियां तैरती देख स्तब्ध रह गए। देखते ही देखते घटना की खबर पूरे इलाके में फैल गई और मौके पर लोगों की भीड़ जुटने लगी।

साजिश का आरोप, 2 लाख रुपये से अधिक नुकसान का दावा
संदीप मल्हा ने आरोप लगाया है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने जानबूझकर तालाब में जहर डालकर उनकी मेहनत पर पानी फेर दिया। उनका कहना है कि इस घटना में करीब 2 लाख 10 हजार रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है। उन्होंने बताया कि मछली पालन ही उनके परिवार की आजीविका का प्रमुख साधन है और इस नुकसान से परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।

दोषियों पर कार्रवाई की मांग, जांच की उठी मांग
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने इस कृत्य की कड़ी निंदा की है। लोगों का कहना है कि किसी गरीब व्यक्ति की मेहनत और उसकी रोजी-रोटी को इस तरह नुकसान पहुंचाना बेहद अमानवीय है। ग्रामीणों और स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों की पहचान करने तथा उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। वहीं, घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं भी हो रही हैं।