logo

नवजात शिशुओं के वार्ड में पंखे में लगी आग, धुएं से मचा हड़कंप; 2 बच्चों की हालत नाजुक

नवजात शिशुओं के वार्ड में पंखे में लगी आग, धुएं से मचा हड़कंप; 2 बच्चों की हालत नाजुक

द फॉलोअप डेस्क
गिरिडीह के चेताडीह स्थित मातृत्व-शिशु स्वास्थ्य केंद्र के विशेष नवजात शिशु देखभाल केंद्र (SNCU) में शनिवार को पंखे में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। आग लगते ही कमरे में तेजी से धुआं भर गया, जिससे अस्पताल परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। धुआं भरने की सूचना मिलते ही अस्पताल के कर्मी तुरंत सक्रिय हो गए। नवजात बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए SNCU में भर्ती सभी बच्चों को तत्काल सुरक्षित बाहर निकाला गया। बच्चों को धुएं से दूर रखते हुए उनकी निगरानी शुरू कर दी गई। समय रहते नवजातों को बाहर निकाल लिए जाने से बड़ा हादसा टल गया।


ऑक्सीजन सपोर्ट पर दो बच्चों की हालत नाजुक
घटना को लेकर डॉ. अरुण कुमार ने बताया कि आग लगने की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। SNCU में आग लगने की जानकारी मिलते ही सभी नवजात बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हालांकि, ऑक्सीजन सपोर्ट पर रखे गए दो नवजातों की हालत नाजुक बताई जा रही है। बाकी बच्चे सुरक्षित हैं। घटना के बाद अस्पताल प्रबंधन ने तत्काल जरूरी कदम उठाकर स्थिति को नियंत्रित किया। नवजातों के स्वास्थ्य और सुरक्षा पर विशेष नजर रखी जा रही है। आग लगने के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है। साथ ही अस्पताल की बिजली व्यवस्था और उपकरणों की भी जांच की जा रही है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा न हो।

Tags - Giridih Chetadih SNCU Newborn Ward Hospital Fire Newborn Babies