पीयूष मिश्रा/गिरिडीह
गिरिडीह जिले में सीसीएल कबरीबाद माइंस के समीप स्थित सीपी साइडिंग क्रशर में मंगलवार देर रात हिंसक झड़प हो गई, जिसमें एक स्थानीय युवक की मौत हो गई जबकि सीसीएल अधिकारी समेत आठ सुरक्षाकर्मी और होमगार्ड जवान घायल हो गए। घटना के बाद पूरे माइंस क्षेत्र में अफरातफरी का माहौल बन गया और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया। घटना में घायल होने वालों में सीसीएल अधिकारी राम सागर के अलावा सुरक्षा गार्ड बिरजू भुइयां, विकास कुमार, फागू कोल्ह, अफजल हुसैन, संतोष सिंह, असगर अंसारी और बलदेव गोप शामिल हैं। सभी घायलों का इलाज सीसीएल के लंकास्टर अस्पताल में चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार कई घायलों के सिर फट गए हैं, जबकि अन्य के शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं।

250 लोगों ने किया हमला, वाहनों में तोड़फोड़
सुरक्षाकर्मियों के मुताबिक मंगलवार देर रात करीब 250 की संख्या में लोग लाठी-डंडा और धारदार हथियार लेकर सीपी साइडिंग और क्रशर क्षेत्र में पहुंचे। आरोप है कि हमलावरों ने हाइवा और दो चारपहिया वाहनों के शीशे तोड़ दिए और सुरक्षाकर्मियों की बाइक को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। विरोध करने पर सुरक्षाकर्मियों के साथ जमकर मारपीट की गई। सूचना मिलने पर सीसीएल की पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच झड़प और तेज हो गई। वहीं स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि कुछ लोग शौच के लिए गए थे, तभी सुरक्षाकर्मियों ने उन पर हमला कर दिया। इसी दौरान 30 वर्षीय दिलीप दास गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें आनन-फानन में सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना ने पूरे इलाके में तनाव और बढ़ा दिया है।

पुलिस बल तैनात, जांच शुरू
घटना की सूचना मिलते ही सीसीएल के जीएम और पीओ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए मुफस्सिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो के नेतृत्व में भारी संख्या में पुलिस बल माइंस क्षेत्र में तैनात किया गया। पुलिस के पहुंचते ही मौके पर मौजूद लोग भाग निकले। बाद में सदर एसडीपीओ जीतवाहन उरांव भी घटनास्थल पहुंचे। दिलीप दास की मौत के बाद सदर अस्पताल में परिजनों और स्थानीय लोगों ने हंगामा किया, जिसे देखते हुए अस्पताल परिसर में भी पुलिस कैंप कर रही है। पुलिस अज्ञात हमलावरों की पहचान और घटना के कारणों की जांच में जुटी हुई है।