द फॉलोअप डेस्क
गिरिडीह जिले के बगोदर प्रखंड में सात साल की एक बच्ची के साथ कथित यौन उत्पीड़न का मामला सामने आया है। पीड़िता के परिजनों ने बगोदर प्रखंड में कार्यरत पंचायत सचिव पर गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायत मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पंचायत सचिव को बगोदर प्रखंड परिसर से गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।

एसडीपीओ ने दी कार्रवाई की जानकारी
एसडीपीओ धनंजय कुमार राम ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कार्रवाई की गई। पूछताछ के दौरान प्रारंभिक जानकारी में यह भी सामने आया है कि आरोपी पंचायत सचिव पर पहले भी छोटी बच्चियों के साथ अशोभनीय हरकत करने के आरोप लग चुके हैं। पुलिस इन तथ्यों की भी जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने एक बार फिर बच्ची के साथ कथित अश्लील हरकत की। इसके बाद पीड़िता की मां मौके पर पहुंची और शोर मचाया, जिससे मामला सामने आया। पुलिस का कहना है कि बच्ची ने भी घटना की पुष्टि की है। इसके बाद आरोपी को हिरासत में लेकर कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई।

मेडिकल जांच और आपराधिक रिकॉर्ड की जांच जारी
पुलिस ने पीड़ित बच्ची की मेडिकल जांच कराई है और आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में उसके खिलाफ पहले भी नाबालिगों से छेड़छाड़ के आरोप होने की बात सामने आई है। एसडीपीओ धनंजय कुमार राम ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।