logo

गिरिडीह में मंईयां योजना के नाम पर अवैध वसूली का आरोप, आंगनबाड़ी सेविका का वीडियो वायरल

ोोीो1.jpg

द फॉलोअप डेस्क

गिरिडीह जिले के जमुआ प्रखंड स्थित तेलमकरी आंगनबाड़ी केंद्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। केंद्र की सेविका रोशन आरा पर मंईयां सम्मान योजना के सत्यापन के नाम पर महिलाओं से अवैध वसूली करने का आरोप लगा है। बताया जा रहा है कि फॉर्म पर सिग्नेचर करने के एवज में प्रत्येक लाभुक महिला से 200 रुपये की मांग की जा रही थी। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि फिलहाल नहीं हो सकी है। इस पूरे मामले का कथित वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में कथित तौर पर पैसे लेने का दावा किया जा रहा है।

बिना पैसे दिए फॉर्म पर सिग्नेचर नहीं

ग्रामीणों का आरोप है कि सरकार गरीब महिलाओं को सहायता और सम्मान देने के लिए योजनाएं चला रही है, लेकिन जमीनी स्तर पर कुछ कर्मियों द्वारा इसका गलत फायदा उठाया जा रहा है। लोगों का कहना है कि बिना पैसे दिए फॉर्म पर सिग्नेचर नहीं किया जा रहा था, जिससे कई जरूरतमंद महिलाएं परेशान थीं। मामले को लेकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखी जा रही है।

कार्रवाई की मांग, प्रशासनिक बयान का इंतजार

वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय लोग संबंधित सेविका पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि मामले की निष्पक्ष जांच कराई गई तो कई और खुलासे सामने आ सकते हैं। फिलहाल प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, लेकिन मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है।

Tags - Giridih Jharkhand Viral Video Corruption Government Scheme