जमशेदपुर
गिरिडीह शहर में अतिक्रमण हटाओ अभियान के बाद दोबारा निर्माण कार्य शुरू करने वाले दुकानदारों पर गुरुवार को नगर निगम ने फिर कार्रवाई की. नगर निगम प्रशासन की टीम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और जेसीबी मशीन से निर्माणाधीन हिस्सों को ध्वस्त कर दिया. इस दौरान इलाके में तनावपूर्ण स्थिति बनी रही और बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए. नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, पूर्व में सड़क चौड़ीकरण और अतिक्रमण हटाने के उद्देश्य से 32 दुकानों को हटाया गया था. इसके बावजूद कुछ दुकानदारों द्वारा दोबारा निर्माण कार्य शुरू किया जा रहा था. सूचना मिलने पर नगर निगम ने पुनः अभियान चलाकर निर्माण कार्य रोक दिया. कार्रवाई के दौरान कई अस्थायी ढांचे हटाए गए और एक दुकान में लगाए गए पिलर को भी तोड़ दिया गया. इस कार्रवाई को लेकर दुकानदारों में नाराजगी देखी गई. आक्रोशित दुकानदारों ने मौके पर विरोध जताते हुए कहा कि बिना वैकल्पिक व्यवस्था के लगातार दुकानें हटाए जाने से उनके सामने आजीविका का संकट उत्पन्न हो रहा है.
दुकानदारों ने आरोप लगाया कि शहर के अन्य क्षेत्रों, विशेषकर पंचम्बा क्षेत्र में अब भी कई अतिक्रमण यथावत हैं, लेकिन कार्रवाई केवल चुनिंदा दुकानदारों पर की जा रही है. उन्होंने प्रशासन से सभी क्षेत्रों में समान रूप से कार्रवाई करने तथा प्रभावित दुकानदारों के लिए स्थायी व्यवस्था की मांग की. स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए मौके पर पुलिस बल तैनात रहा. वहीं, नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सड़क चौड़ीकरण और अतिक्रमण हटाने के अभियान में बाधा डालने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी. उप सहायक नगर आयुक्त अशोक हांसदा ने बताया कि पूर्व में हटाई गई दुकानों के स्थान पर फिर से निर्माण किया जा रहा था. नगर आयुक्त के निर्देश पर अवैध निर्माण हटाने की कार्रवाई की गई.
