गिरिडीह
गिरिडीह में 21 अगस्त को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला दहन नहीं करने देने को लेकर हुए हंगामे और मारपीट के मामले में राजनीतिक विवाद बढ़ता जा रहा है। मामले में JMM के सक्रिय सदस्य दिलीप मुर्मू की शिकायत पर नगर थाना में ABVP के जिला संयोजक नीरज चौधरी, नितेश तिवारी समेत 10 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
FIR के बाद ABVP नेताओं ने दी सफाई
FIR दर्ज होने के बाद ABVP की ओर से नीरज चौधरी और नितेश तिवारी ने वीडियो जारी कर आरोपों को खारिज किया है। दोनों ने कहा कि उनके खिलाफ जबरन और झूठा मुकदमा दर्ज कराया गया है। उनका दावा है कि 21 अगस्त को जिस समय घटना हुई, उस दौरान वे बोल बम यात्रा में थे और मौके पर मौजूद नहीं थे।
JMM कार्यकर्ताओं पर लगाया मारपीट का आरोप
ABVP नेताओं ने आरोप लगाया कि पुतला दहन कार्यक्रम के दौरान JMM से जुड़े लोगों ने उनके संगठन के सदस्यों के साथ मारपीट की। इसके बावजूद अब उन्हीं के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करा दी गई है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
पुलिस जांच के बाद साफ होगी तस्वीर
इधर, JMM की शिकायत पर दर्ज प्राथमिकी के बाद पुलिस मामले की जांच में जुटी है। अब जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि घटना के दौरान कौन-कौन लोग मौके पर मौजूद थे और मारपीट में किसकी भूमिका थी।