द फॉलोअप डेस्क
गिरिडीह में वन विभाग के अवैध आरा मिल को ध्वस्त किया है. वन विभाग की टीम ने जेसीबी मशीन की मदद से आरा मिल को पूरी तरह नष्ट कर दिया. इस दौरान मौके से करीब एक लाख रुपये मूल्य की अवैध लकड़ी भी जब्त की गई. विभाग की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध लकड़ी कारोबारियों में हड़कंप मच गया है. दरअसल, वन विभाग की यह कार्रवाई गांडेय प्रखंड अंतर्गत कुंडलवादह में हुई. डीएफओ के निर्देश पर वन प्रक्षेत्र पदाधिकारी एस. के. रवि के नेतृत्व में छापेमारी की गई. इस अभियान में प्रभारी वनपाल रोहित कुमार पंडित, वनरक्षी रंजन शर्मा, दाऊद आलम, शमशेर अंसारी, विष्णु किस्कू, रामदेव मरांडी सहित ताराटांड थाना पुलिस के कई जवान मौजूद रहे. वन विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अवैध कटाई और लकड़ी कारोबार के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान जारी रहेगा और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
