गिरिडीह
आजसू पार्टी और उसके सहयोगी संगठन ऑल झारखंड स्टूडेंट यूनियन ने पार्टी के कार्यकारी जिला अध्यक्ष व समाजसेवी सुमित गौरव उर्फ कंपू यादव के साथ 11 जून की रात हुई कथित घटना पर गहरी चिंता जताई है। मामले की निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर पार्टी ने मुख्यमंत्री, पुलिस महानिदेशक और उपायुक्त को लिखित शिकायत भेजी है। आजसू ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते प्रशासन ने सीसीटीवी फुटेज और साक्ष्यों के आधार पर उचित कार्रवाई नहीं की, तो पार्टी चरणबद्ध तरीके से उग्र जनआंदोलन शुरू करेगी।
गांधी चौक और नगर थाना क्षेत्र के CCTV फुटेज की जांच
आजसू पार्टी ने कहा कि कानून से ऊपर कोई नहीं है और यदि किसी नागरिक के साथ अभद्र व्यवहार, अवैध रूप से निरुद्ध करने अथवा उसके सम्मान को ठेस पहुंचाने जैसी घटना हुई है, तो उसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। पार्टी ने प्रशासन से गांधी चौक एवं नगर थाना क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान तथा अन्य उपलब्ध साक्ष्यों की जांच कर सच्चाई जनता के सामने लाने की मांग की है।
दोषी अधिकारियों पर कानूनी कारवाई हो
पार्टी ने स्पष्ट किया कि यह किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ अभियान नहीं, बल्कि न्याय, पारदर्शिता और जवाबदेही की मांग है। बयान में कहा गया कि यदि शिकायत में लगाए गए आरोप सही पाए जाते हैं, तो दोषी अधिकारियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए। वहीं आरोप असत्य साबित होने पर कानून के अनुसार उचित निर्णय लिया जाए। 
धरना, प्रदर्शन और जनजागरण अभियान की तैयारी
आजसू पार्टी ने कहा कि वह अपने कार्यकर्ताओं के सम्मान और संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है तथा मामले की निष्पक्ष जांच होने तक लोकतांत्रिक तरीके से इस मुद्दे को उठाती रहेगी। पार्टी ने प्रशासन से शीघ्र एवं निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करने का आग्रह करते हुए कहा कि यदि तय समय सीमा के भीतर उचित कार्रवाई नहीं हुई, तो आजसू पार्टी चरणबद्ध जनआंदोलन चलाने को बाध्य होगी। इसके तहत धरना, प्रदर्शन, ज्ञापन और जनजागरण अभियान समेत अन्य वैधानिक लोकतांत्रिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही पार्टी ने मीडिया से अपील की है कि तथ्यों के आधार पर मामले को जनता के सामने रखा जाए, ताकि सत्य सामने आ सके और न्याय सुनिश्चित हो सके।