सरायकेला:
सरायकेला खरसावां जिला के चांडिल अनुमंडल के नीमडीह और चांडिल के बीच एनएच-18 (चांडिल–पुरुलिया मार्ग) पर पितकी रेलवे फाटक (जेसी-56) के समीप निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) में गुरुवार को एक लेन के लिए स्टील गार्डर लॉन्चिंग का कार्य सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। एनएचआई और रेलवे अधिकारियों की उपस्थिति में संवेदक एजेंसी दिनेशचंद्रा आर अग्रवाल इंफ्राकन प्रा. लि. (डीआरएआईपीएल) ने 4 घंटे के ब्लॉक के दौरान इस महत्वपूर्ण कार्य को पूरा किया। गार्डर लॉन्चिंग के साथ ही परियोजना का 50 प्रतिशत से अधिक कार्य पूर्ण हो चुका है।

चांडिल से पुरुलिया जाने वालों को मिलेगी राहत
संवेदक कंपनी के एवीपी शम्स आलम ने बताया कि अगले ढाई माह में एक लेन आवागमन के लिए खोल दी जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि रेलवे ट्रैफिक व्यस्त रहने के कारण कार्य में थोड़ी देरी हुई, लेकिन अब निर्माण कार्य लगातार जारी रहेगा। वहीं, चांडिल से आद्रा रेल मंडल के डीआरयूसीसी सदस्य दिवाकर सिंह ने बताया कि आरओबी शुरू होते ही लंबे समय से लंबित मांग पूरी होगी और चांडिल से पुरुलिया जाने वाले लोगों को जाम से बड़ी राहत मिलेगी। गौरतलब है कि फाटक पर लगने वाले जाम से लोग सालों से परेशान थे, केन्द्रीय मंत्री सह स्थानीय सांसद संजय सेठ के प्रयास से अब यह समस्या जल्द समाप्त होने वाली है।

गाड़ियों की लग जाती थी लंबी कतार
ज्ञात हो कि चांडिल पुरुलिया मार्ग का चौड़ीकरण होने के बाद उक्त सड़क पर गाड़ियों की तादाद बढ़ने से चांडिल और नीमडीह के बीच स्थित पितकी रेलवे फाटक अत्यधिक समय बंद रहने के कारण आए दिन कई किमी तक सड़कों पर गाड़ियों की लंबी कतार लगी रहती है, जहां स्कूली बच्चे अस्पताल ले जा रहे एम्बुलेंस, दिहाड़ी मजदूर नौकरीपेशा वाले साथ ही दूरदराज के राहगीर घंटों जाम में फंसे रहते थे। वहीं इस आरओबी के निर्माण होने से संभवत चांडिल सहित उक्त सड़क पर सफर करने वाले राहगीरों की यात्रा सुगम होगी।