द फॉलोअप डेस्क
चतरा जिले में लगातार हो रही भारी बारिश का असर अब सरकारी दफ्तरों पर भी दिखने लगा है। गिद्धौर अंचल कार्यालय परिसर में घुटनों तक पानी भर गया है, जिससे कार्यालय का सामान्य संचालन प्रभावित हो गया है। बीते तीन दिनों से हजारीबाग, चतरा, कोडरमा, रामगढ़ और रांची जिलों में लगातार तेज बारिश हो रही है। नदियां उफान पर हैं और कई इलाकों में जलजमाव की स्थिति बनी हुई है। इसी बीच गिद्धौर अंचल कार्यालय भी भारी बारिश की चपेट में आ गया है।
कार्यालय परिसर में जलजमाव के कारण आम नागरिकों के साथ-साथ वहां कार्यरत पदाधिकारी और कर्मचारी भी भारी परेशानी का सामना कर रहे हैं। दफ्तर आने वालों को घुटनों तक भरे पानी को पार कर कार्यालय तक पहुंचना पड़ रहा है। प्रशासन की ओर से अब तक जल निकासी को लेकर कोई ठोस व्यवस्था नहीं की गई है, जिससे लोगों में नाराजगी भी देखी जा रही है।
