सरायकेला-खरसावां
सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल अनुमंडल क्षेत्र के कुकड़ु गांव में शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक सब्जी के खेत में विशालकाय अजगर सांप देखने को मिला। अजगर के निकलने की खबर पूरे गांव में आग की तरह फैल गई और देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। अजगर के आकार और वजन को देखकर लोग हैरान रह गए। ग्रामीणों के अनुसार खेत की सुरक्षा और जंगली जानवरों से फसलों को बचाने के लिए खेत के चारों ओर प्लास्टिक का जाल लगाया गया था। इसी जाल में अजगर फंस गया, जिससे वह बाहर नहीं निकल सका। खेत में काम करने पहुंचे लोगों की नजर जैसे ही अजगर सांप पर पड़ी, उन्होंने शोर मचाकर आसपास के लोगों को इसकी सूचना दी। अजगर के खेत में पाए जाने से ग्रामीणों के बीच भय का माहौल बन गया है। खासकर महिलाएं और बच्चे खेत की ओर जाने से डर रहे हैं। लोगों का कहना है कि यदि सांप जाल से निकल जाता है तो आसपास के इलाके में खतरा बढ़ सकता है।

इलाके में पहली बार इतना बड़ा अजगर देखा गया
घटना की जानकारी मिलने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचकर अजगर को देखने लगे। कई लोगों ने मोबाइल फोन से वीडियो और तस्वीरें भी बनाई। ग्रामीणों का कहना है कि इलाके में पहली बार इतना बड़ा अजगर देखा गया है, जिससे लोगों में डर भी बना हुआ है। वहीं ग्रामीणों ने वन विभाग से तत्काल हस्तक्षेप करने की मांग की है। उनका कहना है कि वन विभाग की रेस्क्यू टीम को मौके पर पहुंचकर सुरक्षित तरीके से अजगर को जाल से निकालते हुए उसे किसी सुरक्षित वन क्षेत्र में छोड़ देना चाहिए, ताकि सांप को भी नुकसान न पहुंचे और ग्रामीणों की सुरक्षा भी सुनिश्चित हो सके। स्थानीय लोगों ने बताया कि कुकड़ु क्षेत्र जंगलों और पहाड़ी इलाकों से जुड़ा हुआ है, जिस कारण समय-समय पर जंगली जीव आबादी वाले क्षेत्रों में पहुंच जाते हैं। फिलहाल ग्रामीण वन विभाग के आने का इंतजार कर रहे हैं और लोगों को अजगर से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की सलाह दी जा रही है।
