logo

आदिवासी महिला ने थानेदार के सामने पी लिया जहर

आदिवासी महिला ने थानेदार के सामने पी लिया जहर

द फॉलोअप डेस्क, रांचीः
घाटशिला के गालूडीह थाना परिसर में सोमवार को जमीन विवाद से जुड़ी सुनवाई के दौरान एक आदिवासी महिला ने थानेदार के सामने ही जहर पी लिया। बड़ाखुर्शी गांव की रहने वाली महिला पुलिस की कार्यशैली और आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से नाराज थी। महिला ने जमीन विवाद को लेकर पहले ही 12 लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज करायी थी। उसका आरोप था कि पुलिस ने अब तक आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया है और न ही प्राथमिकी में एससी-एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम की धाराएं जोड़ी हैं। इसी मामले में न्याय की गुहार लगाने महिला सोमवार को गालूडीह थाना पहुंची थी।

थानेदार के सामने निकाली जहर की शीशी

थाने में महिला ने थाना प्रभारी अंकु कुमार के सामने अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए आरोपियों के खिलाफ तत्काल और कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की। इसी दौरान बातचीत के बीच महिला ने अचानक अपनी कमर से जहर की शीशी निकाली और पी लिया। घटना के बाद थाना परिसर में अफरा-तफरी मच गयी। जहर पीने के कुछ ही देर बाद महिला को उल्टियां होने लगीं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल उसे सरकारी वाहन से जमशेदपुर स्थित महात्मा गांधी मेमोरियल (एमजीएम) अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है।

पांच एकड़ से अधिक रैयती जमीन को लेकर विवाद

इस पूरे मामले की जड़ में पायरागुड़ी गांव के बिरहीगोड़ा टोला के पास एनएच-33 के किनारे स्थित करीब पांच एकड़ 74 डिसमिल रैयती जमीन है। यह जमीन स्वर्गीय मनोरंजन भूमिज की बतायी जा रही है। जमीन के स्वामित्व और कब्जे को लेकर भूमिज समुदाय के दो पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा है। बताया जाता है कि इस विवाद को लेकर पूर्व में भी कई बार दोनों पक्षों के बीच मारपीट और तनाव की स्थिति उत्पन्न हो चुकी है। महिला ने इसी विवाद के सिलसिले में 12 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी थी और पुलिस से कार्रवाई की मांग कर रही थी।

एसडीपीओ ने जांच और कार्रवाई का दिया भरोसा

घटना के बाद पुलिस महिला के इलाज और उसकी स्थिति पर नजर बनाए हुए है। घाटशिला के एसडीपीओ विकास आनंद लगोरी ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है और इसकी गंभीरता को देखते हुए जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि महिला को सुरक्षित अस्पताल पहुंचा दिया गया है और उसकी हालत खतरे से बाहर बतायी जा रही है। एसडीपीओ ने यह भी कहा कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। थाने में सुनवाई के दौरान महिला के इस कदम ने जमीन विवाद में पुलिस की कार्रवाई और शिकायतों के निपटारे को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Tags - Ghatshila News Jharkhand Crime Land Dispute Tribal Woman Jharkhand Police