द फॉलोअप डेस्क
गढ़वा ज़िले में जब से जिला क्रिकेट संघ की नई कमेटी बनी है, तब से क्रिकेट के क्षेत्र में लगातार नए आयाम स्थापित हो रहे हैं। झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (JSCA) द्वारा आयोजित अंतर-जिला अंडर-16 क्रिकेट प्रतियोगिता के तहत बी. एस. साहू क्रिकेट स्टेडियम, लोहरदगा में खेले गए मुकाबले में गढ़वा की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए लोहरदगा ज़िले को 9 विकेट से पराजित कर दिया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करने उतरी लोहरदगा की टीम 47.5 ओवर में 156 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। टीम की ओर से सौरव सिंह ने 77 गेंदों पर 50 रन की उपयोगी पारी खेली। गढ़वा के गेंदबाज़ों ने अनुशासित गेंदबाज़ी करते हुए लगातार विकेट झटके। गढ़वा की ओर से गेंदबाज़ी में अर्पित कुमार गिरी, तौकीर आलम और आयुष कुमार ने 2-2 विकेट लिए, जबकि सम्राट सिंह ने 1 विकेट और हर्षित कुमार गिरी ने 1 विकेट लेते हुए किफायती गेंदबाज़ी की, जिससे विपक्षी टीम खुलकर खेलने में असफल रही। 157 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी गढ़वा अंडर-16 टीम ने बेहतरीन संयम और आत्मविश्वास का परिचय देते हुए मात्र 40 ओवर में सिर्फ 1 विकेट खोकर 158 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया।
गढ़वा की जीत में दो सगे भाइयों का अहम योगदान रहा। अर्पित कुमार गिरी ने नाबाद 83 रन (95 गेंद, 12 चौके) की शानदार पारी खेली, जबकि हर्षित कुमार गिरी ने 128 गेंदों पर नाबाद 56 रन बनाकर उनका बेहतरीन साथ दिया। दोनों के बीच हुई अटूट साझेदारी ने जीत को आसान बना दिया। अपने उत्कृष्ट ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए अर्पित कुमार गिरी को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया। इस जीत पर संघ के सभी पदाधिकारियों ने टीम को बधाई दी है। गढ़वा का अगला मुकाबला 19/01/26 को जमशेदपुर के खिलाफ होगा। गढ़वा की इस उपलब्धि पर ज़िले के वरिष्ठ क्रिकेट खिलाड़ी सियाराम सिन्हा और नवनीत शुक्ला ने कहा कि गढ़वा के क्रिकेट खिलाड़ियों में ज़िला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर तक बेहतरीन प्रदर्शन करने की पूरी क्षमता है। जिस तरह से दोनों भाइयों ने खेल का प्रदर्शन किया है, वह आने वाले दिनों के लिए एक सकारात्मक संकेत है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जल्द ही राष्ट्रीय स्तर पर भी गढ़वा के खिलाड़ी नज़र आएंगे। उन्होंने टीम के शानदार प्रदर्शन के लिए जिला क्रिकेट संघ की भूमिका की भी सराहना की और सभी को बधाई दी।
