गढ़वा:
Garhwa News: गढ़वा जिले के केतार थाना क्षेत्र के ताली गांव में पुराने भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में दोनों पक्षों के लोग एक-दूसरे पर लाठियां बरसाते नजर आ रहे हैं। मारपीट में एक महिला समेत करीब आधा दर्जन लोग घायल हो गए। मामले में मुखिया समेत करीब 50 लोगों के खिलाफ केतार थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

जमीन विवाद को लेकर हुई मारपीट
जानकारी के अनुसार, ताली गांव में जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। घटना के दौरान दोनों पक्षों के लोगों ने एक-दूसरे पर लाठियों से हमला किया। इस दौरान मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
.jpeg)
महिला समेत आधा दर्जन लोग घायल
इस मारपीट में सोनी कुमारी, त्रिवेणी विश्वकर्मा और लीला देवी समेत कई लोग घायल हुए हैं। घायलों को इलाज के लिए पहले भवनाथपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें गढ़वा सदर अस्पताल रेफर कर दिया। फिलहाल घायलों का इलाज किया जा रहा है।
.jpeg)
मुखिया समेत 50 लोगों पर प्राथमिकी
मामले में रोशन सिंह, गौरव सिंह, गौतम सिंह, तिलौरी सिंह, सुधा सिंह, रोहित सिंह और सोनू सिंह समेत अन्य लोगों के नाम सामने आए हैं। हालांकि, विवाद और मारपीट को लेकर दोनों पक्षों की पूरी भूमिका पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। इस संबंध में केतार थाना प्रभारी ने मोबाइल पर जानकारी देते हुए बताया कि गांव में मारपीट की घटना हुई है। मामले में मुखिया समेत उनके करीब 50 समर्थकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।