logo

अंत्येष्टि की तैयारी में था परिवार, चोर 30 लाख रूपये से ज्यादा की नकदी और ज्वेलरी उड़ा ले गए; दोहरी चोट

IMG-20260903-WA0009.jpg

गढ़वा:
झारखंड के गढ़वा जिले में एक परिवार पर एक ही दिन दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। जिस घर में परिवार के मुखिया की मौत के बाद अंतिम संस्कार की तैयारी चल रही थी, उसी घर को चोरों ने अपना निशाना बना लिया। परिजनों के मुताबिक, चोर घर से करीब 30 लाख रुपये से अधिक के नकद और जेवरात लेकर फरार हो गए। घटना रमना थाना क्षेत्र के मड़वनिया गांव की है। घटना के बाद गांव में मातम के साथ-साथ आक्रोश का माहौल है।

अंतिम संस्कार की तैयारी के बीच घर में चोरी
जानकारी के मुताबिक, मड़वनिया गांव निवासी और सेवानिवृत्त हिंडाल्को कर्मी शंकर पाल की हार्ट अटैक के बाद इलाज के दौरान रांची में मौत हो गई थी। परिजन उनका शव लेकर गांव स्थित घर पहुंचे थे। घर के बाहर शंकर पाल की अर्थी रखी थी और परिवार अंतिम संस्कार की तैयारी में जुटा था। इसी दौरान जब परिजनों ने घर के अंदर का मंजर देखा तो उनके होश उड़ गए।

सामान बिखरा मिला, अलमारी और लॉकर टूटे
परिजनों के मुताबिक, घर के अंदर सामान पूरी तरह बिखरा हुआ था। अलमारी टूटी हुई थी और लॉकर में रखा सामान गायब था। परिवार का आरोप है कि अज्ञात चोर घर से करीब 30 लाख रुपये से अधिक की नकदी और जेवरात चोरी कर ले गए। चोरी की इस वारदात ने पहले से ही गहरे सदमे में डूबे परिवार की मुश्किलें और बढ़ा दीं।

एक तरफ मौत का गम, दूसरी तरफ लाखों की चोरी
परिजनों का कहना है कि कुछ समय पहले तक जिस घर में परिवार के मुखिया की मौत का मातम पसरा हुआ था, उसी घर में चोरी की खबर ने सभी को झकझोर दिया। एक तरफ शंकर पाल को खोने का दुख था, तो दूसरी तरफ चोरों ने जीवनभर की जमा-पूंजी पर हाथ साफ कर दिया। परिवार के लिए यह दोहरी मार बेहद पीड़ादायक रही। चोरी की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। घटना को लेकर ग्रामीणों में भी नाराजगी देखी गई। लोगों ने वारदात की निंदा करते हुए पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना जताई।

पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद रमना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने चोरी की वारदात की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब घर में हुई चोरी से जुड़े साक्ष्यों को जुटाने के साथ ही आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। फिलहाल चोरी की घटना को लेकर पुलिस की जांच जारी है।
 

Tags - Garhwa Crime Jharkhand News Garhwa News Ramna Police Station Theft in Garhwa