logo

गढ़वा : सोन नदी पर प्रस्तावित बांध को लेकर बिफरे काराकाट MP राजा राम सिंह, कहा- 'किसानों के हक के लिए लड़ेगी CPI-ML'

सोन नदी पर प्रस्तावित बांध को लेकर बिफरे काराकाट MP राजा राम सिंह, कहा- 'किसानों के हक के लिए लड़ेगी CPI-ML'

गढ़वा: 
भाकपा माले किसान महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह बिहार के काराकाट लोकसभा क्षेत्र के सांसद राजा राम सिंह सोमवार को भारी-भरकम काफिले के साथ गढ़वा जिले के कांडी प्रखंड पहुंचे। यहां स्थानीय भाकपा माले कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने फूल-मालाओं से उनका जोरदार स्वागत किया। दौरे के दौरान सांसद ने सोन तटवर्ती इलाके में रहने वाले किसानों और ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं जानीं। उन्होंने सोन नदी के पानी के बंटवारे और प्रस्तावित बांध को लेकर चिंता जताते हुए कहा कि बांध बनने से गढ़वा के कई गांव प्रभावित हो सकते हैं।

सोन नदी के पानी के बंटवारे पर जताई चिंता
सोन नदी के भ्रमण के दौरान केतार प्रखंड के लोहरगढ़ा गांव में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए राजा राम सिंह ने कहा कि कुछ दिन पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में बिहार और झारखंड के बीच सोन नदी के पानी के बंटवारे को लेकर बैठक हुई थी। बैठक में दोनों राज्यों के मुख्यमंत्री भी शामिल हुए थे। सांसद ने कहा कि पानी के बंटवारे के बाद केंद्र सरकार गढ़वा जिले से होकर गुजरने वाली सोन नदी पर बांध बनाने की तैयारी कर रही है।

कांडी, खरौंधी और केतार के गांव प्रभावित होने का दावा
सांसद ने कहा कि प्रस्तावित बांध के निर्माण से गढ़वा जिले के कांडी, खरौंधी और केतार प्रखंड के दर्जनों गांव प्रभावित हो सकते हैं। उन्होंने दावा किया कि बांध बनने का अधिकांश फायदा बिहार को मिलेगा, जबकि गढ़वा के किसानों और ग्रामीणों को इसका खामियाजा भुगतना पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि केतार प्रखंड के कधवन गांव के पास सोन नदी पर बांध बनने की स्थिति में बड़ी संख्या में किसान परिवार प्रभावित होंगे।

प्रभावित लोगों से बातचीत और उचित मुआवजे की मांग
राजा राम सिंह ने सरकार से मांग की कि बांध निर्माण से पहले प्रभावित किसानों और ग्रामीणों से बातचीत की जाए। उन्होंने कहा कि यदि परियोजना के कारण लोगों को विस्थापित होना पड़ता है तो पुनर्वास नीति के तहत उन्हें उचित मुआवजा और पुनर्वास की व्यवस्था मिलनी चाहिए। सांसद ने कहा कि इन्हीं मुद्दों को लेकर वह गढ़वा के दौरे पर पहुंचे हैं।

किसानों की आवाज बनेगी भाकपा माले
सांसद ने कहा कि इससे पहले उन्होंने सोन नदी के उस पार बिहार के नौहट्टा इलाके का भी भ्रमण किया था। उन्होंने कहा कि देश में जहां भी किसान किसी समस्या से पीड़ित होंगे, वहां भाकपा माले किसानों की आवाज बनेगी और उनके हक एवं अधिकार की लड़ाई लड़ेगी।

Tags - Garhwa News Raja Ram Singh Son River Dam Farmers Protest Jharkhand News