गढ़वा
गढ़वा डीसी अनन्य मित्तल ने देर रात सदर अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मरीजों को दी जा रही स्वास्थ्य सेवाओं और अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं की विस्तृत समीक्षा की। निरीक्षण में कई गंभीर कमियां सामने आईं, जिन पर उन्होंने तत्काल सुधार के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि कोविड काल में निर्मित भवन अब तक उपयोग में नहीं लाया गया है, जबकि नया अस्पताल भवन निर्माण पूरा होने के बावजूद हैंडओवर नहीं हुआ है। इस पर डीसी ने संबंधित अधिकारियों को सभी औपचारिकताएं जल्द पूरी कर भवन को शीघ्र चालू करने का निर्देश दिया। इसके साथ ही अस्पताल परिसर और किचन में गंदगी तथा अव्यवस्था पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई और साफ-सफाई को दुरुस्त रखने के आदेश दिए।

ब्लड बैंक, स्टाफ और मेडिकल वेस्ट पर निर्देश
निरीक्षण के दौरान डीसी ने ब्लड बैंक का भी जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। एक स्त्री रोग विशेषज्ञ के ड्यूटी से अनुपस्थित पाए जाने पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए। अस्पताल परिसर में जगह-जगह फैले मेडिकल वेस्ट और गंदगी को गंभीर लापरवाही मानते हुए उन्होंने नियमित सफाई और वेस्ट मैनेजमेंट सुनिश्चित करने को कहा।

आवासीय भवन और बिजली व्यवस्था सुधारने के आदेश
डॉक्टरों और स्टाफ के लिए बने आवासीय क्वार्टर का भी निरीक्षण किया गया, जहां भवन का हैंडओवर लंबित पाया गया। डीसी ने इसे जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। इसके अलावा अस्पताल में जहां-जहां अंधेरा पाया गया, वहां बिजली व्यवस्था मजबूत करने, सभी लाइट और पंखों को क्रियाशील रखने तथा मरम्मत कार्य तुरंत पूरा करने के आदेश भी दिए गए।