द फॉलोअप डेस्क
गढ़वा थाना क्षेत्र अंतर्गत खजूरी गांव के पास NH-39 पर हुए भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान रमना थाना क्षेत्र के हरादाग गांव निवासी विशाल कुमार और मेराल थाना क्षेत्र के छावनवा टोला निवासी मनीष कुमार के रूप में हुई है। दोनों दोस्त एक साथ बाइक पर सवार होकर लौट रहे थे, तभी सामने से आ रही बकरी लदी पिकअप से उनकी टक्कर हो गई। दोनों मेराल में एक तिलक समारोह में शामिल होने आए थे।

तिलक समारोह से लौटते वक्त हुआ हादसा
बताया जा रहा है कि दोनों युवक मेराल में एक तिलक समारोह में शामिल होने आए थे। इसके बाद वे किसी को छोड़ने गढ़वा स्टेशन गए थे। घर वापस लौटने के दौरान खजूरी पेट्रोल पंप के पास विपरीत दिशा से आ रही पिकअप से उनकी जोरदार भिड़ंत हो गई, जिसमें दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं मेराल प्रमुख दीपमाला कुमारी ने बताया कि उन्हें फोन पर हादसे की जानकारी मिली, जिसके बाद वह मौके पर पहुंचीं। उन्होंने बताया कि मृतकों में से एक उनके रिश्तेदार थे। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।