गढ़वा
झारखंड में नशा मुक्ति अभियान के तहत राज्य में लगातार जागरूकता के साथ-साथ कार्रवाई भी जारी है। इसी क्रम में गढ़वा पुलिस ने गांजा की खेती का भंडाफोड़ किया है। मामला जिले के रमना थाना क्षेत्र के बुल्का गांव स्थित गजनिया टोला का है। पुलिस अधीक्षक (SP) को मिली गुप्त सूचना के आधार पर रमना थाना पुलिस एवं प्रशासन की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर लगभग 300 वर्गमीटर क्षेत्र में लगी गांजा की फसल को नष्ट कर दिया। इस कार्रवाई के दौरान कुल 118 किलोग्राम गांजा के पौधे जब्त किए गए। मामले को लेकर पुलिस सनहा दर्ज कर अग्रेतर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। बुल्का गांव के गजनिया टोला निवासी संजय यादव द्वारा अपने अर्धनिर्मित मकान के परिसर में गांजा की खेती किए जाने की सूचना पुलिस अधीक्षक को मिली थी।

खेती और तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी
सूचना के सत्यापन के बाद अंचलाधिकारी विकास पाण्डेय की देखरेख में रमना थाना पुलिस ने संयुक्त छापेमारी की। छापेमारी के दौरान अर्धनिर्मित मकान के परिसर में बड़े पैमाने पर गांजा के पौधे लगे मिले। अधिकारियों ने पूरे क्षेत्र का निरीक्षण करने के बाद पौधों को उखाड़कर जब्त किया। जब्त पौधों का कुल वजन 118 किलोग्राम पाया गया। इसके बाद विधिसम्मत प्रक्रिया का पालन करते हुए पूरी फसल को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया, ताकि इसका किसी प्रकार से दुरुपयोग न हो सके। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि गांजा की खेती में अन्य लोगों की संलिप्तता तो नहीं है। पुलिस का कहना है कि मादक पदार्थों की अवैध खेती और तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे मामलों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
.jpeg)