logo

गढ़वा में जमीन की खुदाई में निकला रहस्यमयी संदूक, 40 परिवारों ने ठोका मालिकाना हक

गढ़वा में जमीन की खुदाई में निकला रहस्यमयी संदूक, 40 परिवारों ने ठोका मालिकाना हक

गढ़वा/रमना: 
झारखंड के गढ़वा जिले में जमीन की खुदाई के दौरान लोहे का एक पुराना संदूक मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। यह मामला रमना प्रखंड मुख्यालय के नीचे बाजार स्थित प्राचीन शिव मंदिर के समीप का है, जहां घर निर्माण के लिए जेसीबी से जमीन की खुदाई कराई जा रही थी। इसी दौरान जमीन के अंदर दबा लोहे का संदूक दिखाई दिया। 

संदूक निकलते ही जुट गई लोगों की भारी भीड़
जैसे ही खुदाई के दौरान लोहे का संदूक नजर आया, जेसीबी का काम रोक दिया गया। मजदूरों और आसपास मौजूद लोगों की नजर संदूक पर पड़ी तो इसकी खबर तेजी से पूरे इलाके में फैल गई। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। हाईवे किनारे जमा लोगों की भीड़ में संदूक को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं होने लगीं।

कोई बता रहा पुराना सामान, तो किसी को खजाने की उम्मीद
लोहे के संदूक को लेकर लोगों के बीच अलग-अलग कयास लगाए जाने लगे। कोई इसे पुराने समय का सामान बता रहा था, तो कोई इसके अंदर कीमती वस्तुएं या खजाना होने की आशंका जता रहा था। हालांकि, संदूक के अंदर आखिर क्या है, इसका खुलासा अभी तक नहीं हो सका है और यह रहस्य बना हुआ है।

तीन पीढ़ियों से जुड़े करीब 40 परिवारों ने जताया दावा
मामला उस समय और पेचीदा हो गया, जब संदूक पर मालिकाना हक जताने के लिए कई लोग सामने आ गए। बताया जा रहा है कि तीन पीढ़ियों से जुड़े करीब 40 परिवारों ने इस लोहे के संदूक पर अपना दावा जताया है। इसे लेकर विवाद और असमंजस की स्थिति बनने लगी।

पुलिस ने संदूक को कब्जे में लेकर शुरू की जांच
स्थिति बिगड़ने की आशंका को देखते हुए पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोहे के संदूक को अपने कब्जे में ले लिया और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। अब सबकी निगाह इस बात पर टिकी है कि आखिर जमीन के अंदर वर्षों से दबे इस संदूक में क्या है और उस पर किसका अधिकार होगा।

Tags - Garhwa News Ramna News Mysterious Iron Chest Treasure Mystery Jharkhand News