logo

गढ़वा में तेज रफ्तार मैजिक डिवाइडर से टकराई, 2 लोगों की मौत और 3 गंभीर रूप से घायल

गढ़वा में तेज रफ्तार मैजिक डिवाइडर से टकराई, 2 लोगों की मौत और 3 गंभीर रूप से घायल

गढ़वा
जिले के रमना थाना क्षेत्र के गढ़वा-उत्तर प्रदेश एनएच-39 फोरलेन मुख्य सड़क पर परसवान गांव के पास स्थित पुल के समीप बुधवार को एक मैजिक वाहन अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराया। इस हादसे में वाहन सवार दो लोगों की मौत हो गयी, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गये। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गयी। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा।
मृतकों की पहचान छत्तीसगढ़ के रामानुजगंज निवासी माजिद बीबी (50 वर्ष) एवं महावीरगंज निवासी राजदेव (45 वर्ष) के रूप में हुई है। वहीं, घायलों में कोरबा निवासी कलावती देवी, कनकपुर निवासी अनीता देवी एवं चकाई, छत्तीसगढ़ निवासी पूजा गुप्ता शामिल हैं। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल गढ़वा रेफर कर दिया गया।


भवनाथपुर से कंपनी से जुड़े कार्य कर लौट रहे थे सभी
जानकारी के अनुसार, सभी लोग भवनाथपुर स्थित डीएक्सएन मिशन कंपनी में काम करने के बाद मैजिक वाहन से गढ़वा की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान परसवान पुल के समीप वाहन अनियंत्रित हो गया और सड़क के बीच बने डिवाइडर से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन में सवार दो लोगों की मौत हो गयी, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गये। घटना की सूचना मिलने के बाद रमना थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को वाहन से बाहर निकाला गया और इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने सभी घायलों को सदर अस्पताल गढ़वा रेफर कर दिया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गढ़वा भेज दिया है।


 

Tags - Garhwa Accident Magic Vehicle Road Accident Ramna NH 39