logo

गढ़वा में प्रेमिका के परिजनों ने की प्रेमी की हत्या, पेड़ से लटकाया शव; 48 घंटे के अंदर 3 गिरफ्तार

गढ़वा_.jpeg

गढ़वा में प्रेमिका के परिजनों ने प्रेमी की गला घोंटकर हत्या की, शव पेड़ से लटकाया, डॉग स्क्वॉड की मदद से 48 घंटे में खुलासा
गढ़वा 
झारखंड के गढ़वा जिले के बरडीहा थाना क्षेत्र के बभनी गांव में प्रेमी-प्रेमिका की बातचीत एक युवक की जान पर भारी पड़ गई। प्रेमिका के परिजनों को दोनों के बीच प्रेम संबंध की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने युवक की गला घोंटकर हत्या कर दी। हत्या को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को महुआ के पेड़ से लटका दिया गया। पुलिस ने डॉग स्क्वॉड की मदद से महज 48 घंटे के भीतर पूरे मामले का खुलासा कर दिया।
पहले आत्महत्या समझ रही थी पुलिस
18 अगस्त को बरडीहा थाना पुलिस को बभनी गांव में महुआ के पेड़ से लटका एक युवक का शव मिला था। मृतक की पहचान गांव निवासी टप्पू रजवार के रूप में हुई। शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा था, लेकिन ग्रामीणों और मृतक के परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की।
डॉग स्क्वॉड ने खोला राज
ग्रामीणों के विरोध के बाद पुलिस ने डॉग स्क्वॉड की मदद ली। खोजी कुत्ता घटनास्थल से सीधे एक घर में जा घुसा, जिससे पुलिस का संदेह गहरा गया। इसके बाद घर में मौजूद लोगों को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने हत्या की बात स्वीकार कर ली।
हत्या के आरोप में तीन गिरफ्तार
पुलिस ने इस मामले में प्रेमिका के दादा राम प्यारी रजवार, दादी मनमतिया देवी और चाचा सुनील रजवार को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने युवक की गला घोंटकर हत्या करने और साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को पेड़ से लटकाने की बात कबूल की। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त रस्सी और गमछा भी बरामद कर लिया है।
पुलिस ने 48 घंटे में किया खुलासा
एसडीपीओ ने बताया कि वैज्ञानिक जांच और डॉग स्क्वॉड की सहायता से मामले का सफलतापूर्वक खुलासा किया गया। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई करते हुए पूरे मामले की जांच कर रही है।

 

Tags - Garhwa Jharkhand Crime Murder Case Love Affair Dog Squad