logo

गढ़वा में आदिम जनजाति समुदाय के दो सगे भाइयों की बुखार से मौत, स्वास्थ्य विभाग की टीम पहुंची गांव

medical_team.jpg

गढ़वा 

गढ़वा जिले के केतार थाना क्षेत्र अंतर्गत पाचाडुमर गांव के आदिवासी बहुल धंगरडीहा टोला में आदिम जनजाति समुदाय के एक ही घर में बुखार से दो सगे भाइयों की मौत से सनसनी फैल गयी। मृतकों में बुद्धिनारायण सिंह चेरो के सात वर्षीय पुत्र गोलू कुमार और दस वर्षीय पुत्र सोनू कुमार शामिल हैं। वहीं, बुद्धिनारायण सिंह चेरो और उनके 12 वर्षीय पुत्र सुशील कुमार की तबीयत भी खराब बतायी जा रही है। एक ही परिवार में दो बच्चों की मौत और दो अन्य सदस्यों के बीमार होने से गांव में चिंता का माहौल है। परिजनों के अनुसार, दोनों बच्चों को पिछले दो दिनों से तेज बुखार था। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण उनका समुचित इलाज समय पर नहीं कराया जा सका। अचानक दोनों की तबीयत बिगड़ गयी।

गांव में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू

परिजन उन्हें इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र केतार ले जा रहे थे, लेकिन अस्पताल पहुंचते-पहुंचते दोनों बच्चों ने दम तोड़ दिया। इधर, मामले की जानकारी मिलते ही रविवार को स्वास्थ्य विभाग की एक विशेष टीम पाचाडुमर गांव पहुंची। गांव के अन्य घरों में बीमार लोगों का इलाज कर रही है। वहीं केतार थाना प्रभारी अरुण कुमार रवानी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। उन्होंने पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया तथा बीमार सुशील कुमार और बुद्धिनारायण सिंह को तत्काल इलाज कराने की सलाह दी। थाना प्रभारी ने परिजनों से दोनों बच्चों का अंतिम संस्कार कराने को कहा। घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गयी हैं। हालांकि, बच्चों की मौत के वास्तविक कारण को लेकर स्थिति अभी स्पष्ट नहीं है। परिवार के अन्य सदस्यों के बीमार होने से मामले को लेकर ग्रामीणों में चिंता बढ़ गयी है।

Tags - Tribal Community Two Brothers Death Health Department