logo

गढ़वा में बाघ की मौजूदगी की पुष्टि, जंगल में मिले पगमार्क; कैमरा ट्रैप से रखी जा रही निगरानी

गढ़वा में बाघ की मौजूदगी की पुष्टि, जंगल में मिले पगमार्क; कैमरा ट्रैप से रखी जा रही निगरानी

द फॉलोअप डेस्क:  

गढ़वा जिले के जंगलों में बाघ की मौजूदगी की पुष्टि हुई है। पलामू टाइगर रिजर्व (PTR) से सटे रंका, रमकंडा, भंडरिया और बड़गड़ प्रखंड के वन क्षेत्रों में बाघ की गतिविधि सामने आई है। जंगल में गश्त के दौरान वनकर्मियों को बाघ के पगमार्क मिले, जबकि पहले मवेशियों के शिकार के भी प्रमाण मिले थे। इन संकेतों के आधार पर वन विभाग ने इलाके में बाघ की मौजूदगी की पुष्टि की है।

बाघ की गतिविधियों पर निगरानी के लिए लगाए गए कैमरा ट्रैप 

बाघ की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए वन विभाग ने संभावित इलाकों में पेड़ों पर कैमरा ट्रैप लगाए हैं। इसके जरिए बाघ की आवाजाही और गतिविधियों की निगरानी की जा रही है। हालांकि, अभी तक बाघ कैमरा ट्रैप में कैद नहीं हुआ है। गढ़वा के डीएफओ एबीन बेनी अब्राहम ने बताया कि रंका, भंडरिया, बड़गड़ और रमकंडा क्षेत्र में बाघ की मौजूदगी की सूचना मिली थी। पगमार्क की जांच के बाद इसकी पुष्टि हुई है।

लोगों से सावधानी बरतने की अपील की गई 

वन विभाग अब संभावित इलाकों में लगातार निगरानी कर रहा है। वहीं, बाघ की मौजूदगी को देखते हुए वन विभाग ने ग्रामीणों से सावधानी बरतने की अपील की है। लोगों से कहा गया है कि वे सुबह और शाम के समय जंगल में जाने से बचें और अनावश्यक रूप से जंगल में प्रवेश न करें। साथ ही, बाघ की कोई भी गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल वन विभाग को सूचना देने की अपील की गई है।

Tags - Garhwa Tiger Tiger in Garhwa Garhwa Forest Tiger Palamu Tiger Reserve PTR