द फॉलोअप डेस्क
उत्तर प्रदेश की तर्ज पर अब झारखंड के गढ़वा जिले में भी गली-मोहल्लों के नाम बदलने की तैयारी शुरू हो गई है। नगर विकास विभाग ने राज्य के सभी जिलों को पत्र जारी कर शहरी क्षेत्रों की उन गलियों और मोहल्लों की सूची तैयार करने का निर्देश दिया है, जिनके नाम किसी व्यक्ति विशेष, धार्मिक या संप्रदाय के नाम पर रखे गए हैं।

नगर निकायों में शुरू हुई प्रक्रिया
विभाग के निर्देश के बाद गढ़वा नगर परिषद के साथ-साथ नगर ऊंटारी और मझिआंव नगर पंचायत ने भी प्रक्रिया शुरू कर दी है। नगर निकाय स्तर पर पहले संबंधित गलियों और मोहल्लों की सूची तैयार की जाएगी। इसके बाद सूची नगर विकास विभाग को भेजी जाएगी। विभाग के निर्देश के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

विभाग के आदेश के बाद होगा फैसला
गढ़वा नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी सुशील कुमार राय ने नगर विकास विभाग से पत्र मिलने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि विभाग के निर्देश के आलोक में सूची तैयार की जा रही है। सूची तैयार होने के बाद इसे विभाग को भेजा जाएगा और नाम बदलने को लेकर आगे की कार्रवाई विभाग के आदेश के अनुसार ही की जाएगी।