logo

बारिश ने बिगाड़ी गढ़वा की सूरत, सड़कें डूबीं और स्कूल बंद; नदियां उफान पर

baadh.jpg

गढ़वा 

गढ़वा जिले में पिछले 24 घंटे से हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। शहर के कई घरों, दुकानों और स्कूलों में बारिश का पानी घुस गया है। दानरो, सरस्वती और कोयल नदी भी उफान पर हैं। लगातार बढ़ते जलस्तर को देखते हुए बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। मौसम विभाग के अलर्ट के बाद जिला प्रशासन भी लोगों को सतर्क रहने की अपील कर रहा है। मौसम विभाग ने कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। अगले तीन दिनों तक भारी बारिश के साथ वज्रपात की भी संभावना जताई गई है। इसी बीच गढ़वा जिले में 31 अगस्त की दोपहर करीब डेढ़ बजे शुरू हुई बारिश लगातार जारी है।

दानरो और सरस्वती नदी उफान पर

बारिश के कारण शहर से होकर गुजरने वाली दानरो और सरस्वती नदी उफान पर हैं। नदी के आसपास के इलाकों में पानी का दबाव बढ़ने से कई घरों और दुकानों में बारिश का पानी घुस गया है। शहर के नगवां मोहल्ला, दफाली मोहल्ला, मदरसा रोड, चिनिया रोड, सहिजना रोड समेत नगर परिषद क्षेत्र के कई गली-मोहल्लों में जलजमाव की स्थिति बनी हुई है। कई इलाकों में सड़कें पानी में डूब गई हैं, जिससे लोगों को आने-जाने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जलजमाव के कारण कई निजी स्कूलों को बंद करना पड़ा है, जबकि कई सरकारी विद्यालयों की स्थिति भी बारिश के कारण खराब हो गई है।

नदी-नालों के आसपास नहीं जाने की अपील

सोनपुरवा स्थित अंतरराज्यीय बस डिपो और शालीग्राम विद्यालय परिसर में पानी भरने से बच्चों की पढ़ाई और बसों के परिचालन पर भी असर पड़ा है। इधर, जिले से होकर गुजरने वाली कोयल नदी का जलस्तर भी लगातार बढ़ रहा है। इससे नदी किनारे के इलाकों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। प्रशासन की ओर से लोगों को सतर्क रहने और नदी-नालों के आसपास नहीं जाने की अपील की जा रही है। वहीं, शहरी क्षेत्र में जगह-जगह हुए जलजमाव को लेकर स्थानीय लोग नगर परिषद की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहे हैं। लोगों का आरोप है कि नालियों की समुचित सफाई और जल निकासी की व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश का पानी घरों में घुस रहा है।

Tags - Heavy Rainfall Weather Update Heavy Rain Jharkhand Weather