logo

गढ़वा में डेंगू का कहर, 1 व्यवसायी की मौत से स्वास्थ्य विभाग अलर्ट

गढ़वा में डेंगू का कहर, 1 व्यवसायी की मौत से स्वास्थ्य विभाग अलर्ट

द फॉलोअप डेस्क
पिछले दस दिनों में गढ़वा जिले में डेंगू के लक्षण वाले कई मरीज सामने आए हैं, जिनमें दो मामलों की पुष्टि हुई है। जिले के एक बड़े व्यवसायी की डेंगू की चपेट में आने से मौत हो गई। हालांकि, उन्होंने सरकारी अस्पताल में इलाज नहीं कराया था, लेकिन स्वास्थ्य विभाग ने डेंगू से मौत की पुष्टि की है। वहीं, एक अन्य मरीज में डेंगू के लक्षण पाए गए थे, जिसे इलाज के बाद स्वस्थ होने पर घर भेज दिया गया।


साफ-सफाई बनाए रखें
जिले में डेंगू के मरीज मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर है। जिले के सिविल सर्जन ने कहा कि एक व्यक्ति की डेंगू से मौत होना बेहद दुखद है। उन्होंने बताया कि मृतक ने जिले के किसी भी सरकारी अस्पताल में इलाज नहीं कराया था। उन्होंने कहा कि यह डेंगू का मौसम है, इसलिए लोगों को इससे बचाव के लिए अपने घरों के आसपास पानी जमा नहीं होने देना चाहिए और साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देना चाहिए। सिविल सर्जन ने बताया कि जिले में एक-दो छिटपुट मामले सामने आए थे, जिन्हें इलाज के बाद ठीक कर दिया गया है। स्वास्थ्य विभाग डेंगू को लेकर पूरी तरह सतर्क है और स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

Tags - Garhwa Dengue Dengue Cases Dengue Death Jharkhand News