गढ़वा
गढ़वा के उपायुक्त पशुपति नाथ मिश्रा ने कल देर रात अचानक सदर अस्पताल का जायजा लिया ताकि मरीजों को बेहतर इलाज और सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने अस्पताल के वार्डों, इमरजेंसी और दवा दुकान जैसी सभी जरूरी व्यवस्थाओं को बारीकी से देखा। इस दौरान ड्यूटी से लगातार गायब रहने वाली महिला डॉक्टर प्रतिमा कुमारी पर गाज गिरी है। उपायुक्त ने कड़ी नाराजगी जताते हुए न सिर्फ उनसे कारण पूछा है, बल्कि अगले आदेश तक उनका वेतन रोकने का भी निर्देश दिया है।
अगले आदेश तक उनका वेतन रोक दें
इस दौरान महिला डॉक्टर प्रतिमा कुमारी अपनी ड्यूटी से गायब मिलीं। पूछताछ में पता चला कि वह अक्सर बिना बताए गायब रहती हैं, और पिछली बार भी निरीक्षण के दौरान वे नहीं थीं। इस पर उपायुक्त ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने डिप्टी सुपरिटेंडेंट को आदेश दिया कि वे डॉक्टर से इसका कारण पूछें और अगले आदेश तक उनका वेतन रोक दें। 
समय पर अपनी ड्यूटी करनी होगी
उपायुक्त ने साफ शब्दों में चेतावनी दी कि स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी डॉक्टरों और कर्मचारियों को समय पर अपनी ड्यूटी करनी होगी। हालांकि, अस्पताल की बाकी व्यवस्थाएं और मरीजों को मिल रही सुविधाएं अच्छी पाई गईं, जिसके लिए उपायुक्त ने वहां के अधिकारियों और कर्मचारियों की तारीफ की। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन से कहा कि वे लगातार नजर बनाए रखें ताकि आम जनता को इलाज में कोई परेशानी न हो। इस औचक निरीक्षण के दौरान सदर अनुमंडल पदाधिकारी (SDO) संजय कुमार भी उनके साथ मौजूद थे।