गढ़वा
गढ़वा जिला मुख्यालय में झारखण्ड के वित्त मंत्री राधाकृष्णन किशोर के खिलाफ भाजपा कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने वित्त मंत्री की शवयात्रा निकालकर रंका मोड़ पर पुतला फूंका और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। कार्यक्रम का नेतृत्व भाजपा नेता धनंजय गौड़ ने किया। भाजपा नेताओं ने वित्त मंत्री पर झारखंड के विकास की अनदेखी करने और हिंदू समाज को बांटने की कोशिश करने का आरोप लगाया।
क्या कहा भाजपा नेताओं ने
इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष उदय कुशवाहा ने आरोप लगाया कि वित्त मंत्री झारखंड के विकास के बजाय राज्य के विनाश की दिशा में काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार और उसके मंत्रियों का कथित हिंदू विरोधी चेहरा सामने आ चुका है। वहीं, भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य ओमप्रकाश केशरी ने वित्त मंत्री पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि राधाकृष्णन किशोर भाजपा के टिकट पर चुनाव जीतकर 2014 से 2019 तक रघुवर दास सरकार में मंत्री रहे और अब भाजपा का विरोध कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में जनता इसका जवाब देगी। भाजपा नेताओं ने वित्त मंत्री पर जनता की समस्याओं के बजाय अपनी सुख-सुविधाओं पर ध्यान देने का भी आरोप लगाया।
