logo

कीचड़ में फिसलकर बिजली के तार की चपेट में आया युवक, मौत

कीचड़ में फिसलकर बिजली के तार की चपेट में आया युवक, मौत

द फॉलोअप डेस्क, रांचीः
गढ़वा जिले के कांडी थाना क्षेत्र के खरौंधा पंचायत अंतर्गत भुड़वा गांव में गुरुवार की रात बिजली करंट की चपेट में आने से 21 वर्षीय युवक अंकुश श्रीवास्तव की दर्दनाक मौत हो गई। घटना रात करीब आठ बजे की है। युवक की असामयिक मौत से गांव में शोक की लहर है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जानकारी के अनुसार, मृतक अंकुश श्रीवास्तव पिता स्वर्गीय गोविंद बिहारी श्रीवास्तव मूल रूप से नगर ऊंटारी थाना क्षेत्र के सरहसताल गांव का निवासी था। पिता के निधन के बाद वह अपनी मां के साथ अपने ननिहाल भुड़वा गांव में रह रहा था। बताया जाता है कि गुरुवार की रात अंकुश शौच के लिए कोयल नदी की ओर गया था। इसी दौरान रास्ते में कीचड़ होने के कारण उसका पैर फिसल गया और वह गिर पड़ा। पास में लगे बिजली मोटर के समीप पड़े बिजली के तार के संपर्क में आने से वह करंट की चपेट में आ गया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।


सबसे बड़ा बेटा था अंकुश
घटना की सूचना मिलते ही कांडी थाना के एसआई रविशंकर मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेते हुए शव को कब्जे में लिया और पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए गढ़वा सदर अस्पताल भेज दिया। अंकुश अपने परिवार का सबसे बड़ा बेटा था। परिवार में उसकी 17 वर्षीय बहन और एक छोटा भाई है। पिता की पहले ही मृत्यु हो चुकी थी और परिवार की सारी उम्मीदें अंकुश पर टिकी थीं। परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद दयनीय है। मां अपने बच्चों के साथ एक झोपड़ी में किसी तरह जीवन गुजार रही थी। पति को खोने के बाद अब जवान बेटे की मौत ने मां को पूरी तरह तोड़ दिया है। वहीं, छोटे भाई-बहन के भविष्य को लेकर भी परिवार की चिंता बढ़ गई है।


मुखिया ने घर पहुंचकर सांत्वना दी
घटना की जानकारी मिलने पर पंचायत के मुखिया परिखा राम, उपमुखिया रवि कुमार मेहता और मुन्ना ठाकुर मृतक के घर पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी।

Tags - Garhwa News Jharkhand News Electric Shock Death Case Kandi News