logo

गढ़वा पुलिस का बड़ा खुलासा: लाखों रुपए की अफीम के साथ तस्कर गिरफ्तार, अंतरराज्यीय नेटवर्क का पर्दाफाश

SDPO_RAMNA.JPG

द फॉलोअप डेस्क 

गढ़वा जिले में नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय नेटवर्क की एक अहम कड़ी को पकड़ने में सफलता हासिल की है। रमना थाना क्षेत्र में चलाए गए विशेष वाहन जांच अभियान के दौरान पुलिस ने 1.85 किलोग्राम अफीम के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है, जबकि तस्कर का एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। इस पूरे मामले का खुलासा एसडीपीओ सत्येंद्र नारायण सिंह ने किया। उन्होंने बताया कि 31 मार्च 2026 की रात करीब 10 बजे गुप्त सूचना मिली थी कि बुलेट मोटरसाइकिल से दो युवक अफीम लेकर गढ़वा होते हुए उत्तर प्रदेश की ओर जा रहे हैं। सूचना मिलते ही तत्काल एक टीम गठित कर NH-39 पर सघन वाहन चेकिंग शुरू की गई। चेकिंग के दौरान संदिग्ध बुलेट मोटरसाइकिल को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन बाइक सवार युवक पुलिस को चकमा देकर तेज रफ्तार में भाग निकले। पुलिस टीम ने भी मुस्तैदी दिखाते हुए पीछा किया।

पुलिस को पीछा करते देख दोनों बाइक सवार परसवान गांव के पास बाइक छोड़कर जंगल की ओर भाग निकले, जिससे मामला और गंभीर हो गया। पुलिस ने तुरंत इलाके में घेराबंदी करते हुए ग्रामीणों को सतर्क किया। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद बहियार कला गांव में ग्रामीणों की मदद से एक संदिग्ध युवक को पकड़ लिया गया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और युवक को हिरासत में ले लिया। पूछताछ के क्रम में पकड़े गए युवक ने अपनी पहचान अंश शुक्ला (21 वर्ष), निवासी हरदोई (उत्तर प्रदेश) के रूप में बताई। तलाशी के दौरान उसके बैग से करीब 1.85 किलोग्राम अफीम बरामद हुआ। जब उससे इसके वैध कागजात मांगे गए तो वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। वहीं आरोपी ने चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि वह इस मादक पदार्थ को पंजाब में बेचने के लिए ले जा रहा था, जिससे अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क की पुष्टि होती है।

Tags - garhwa police drug trafficking narcotics smuggling opium seized interstate smuggling network ramna police station vehicle checking drive