logo

गैंगस्टर की पत्नी रिया सिन्हा चाईबासा जेल शिफ्ट, तलाशी में ब्लेजर से मोबाइल और 4 सिम बरामद

WhatsApp_Image_2026-06-28_at_11_58_35_AM.jpeg

चाईबासा
झारखंड के कुख्यात गैंगस्टर सुजीत सिन्हा की पत्नी रिया सिन्हा को रांची के होटवार केंद्रीय जेल से 24 जून को चाईबासा जेल में शिफ्ट किये जाने के बाद जेल में दाखिले से पूर्व की गयी तलाशी के दौरान उसके पास से एक पुराना मोबाइल फोन, चार सिम कार्ड तीन जियो और एक एयरटेल, एक चार्जर केबल तथा अंग्रेजी में लिखे तीन पन्ने के नोट मिले है। बताया गया कि मोबाइल फोन रिया सिन्हा ने अपने ब्लेजर में छिपाकर रखा था। बरामद सभी सामान को पुलिस ने जब्त कर लिया है।जेल से ही रंगदारी और लूट का गिरोह संचालित करने का आरोप
इस मामले में 25 जून को सदर थाना प्रभारी हीरालाल महतो के बयान पर सदर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गयी है। रिया सिन्हा पर जेल के भीतर प्रतिबंधित सामग्री रखने का आरोप लगाया गया है। तलाशी के दौरान पुलिस उपाधीक्षक पूजा कुमारी और सदर महिला थाना प्रभारी शीला मिंज मौजूद थी। पूछताछ में बरामद सामग्री को लेकर संतोषजनक जवाब नहीं मिलने की बात सामने आयी है। पुलिस का कहना है कि रिया सिन्हा पर अपने पति सुजीत सिन्हा के संगठित गिरोह से जुड़े रहने और जेल के भीतर से रंगदारी, लूट तथा अन्य आपराधिक गतिविधियों के संचालन में भूमिका निभाने के आरोप हैं। आशंका जतायी जा रही है कि प्रतिबंधित संचार उपकरणों का उद्देश्य गिरोह के नेटवर्क को सक्रिय बनाये रखना था।वासेपुर गैंग से कनेक्शन की भी हो रही जांच
इसी आधार पर सुरक्षा और प्रशासनिक कारणों से उसका स्थानांतरण चाईबासा मंडल कारा किया गया है, ताकि कथित आपराधिक नेटवर्क और संपर्कों पर नियंत्रण रखा जा सके। पुलिस के अनुसार, वर्ष 2025 में रांची पुलिस की कार्रवाई के दौरान वासेपुर गैंग से जुड़े मामलों की जांच में भी उसके कथित संबंध सामने आये थे। फिलहाल रिया सिन्हा को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच चाईबासा मंडल कारा में रखा गया है और मामले की आगे जांच जारी है।

Tags - Riya Sinha Sujit Sinha Chaibasa Jharkhand Crime Ranchi News