logo

जमशेदपुर में अवैध हथियारों की सप्लाई करने वाले गैंग का पर्दाफाश, दो आरोपी गिरफ्तार

WhatsApp_Image_2026-06-04_at_4_51_52_PM.jpeg

जमशेदपुर
जमशेदपुर पुलिस ने बिना लाइसेंस के हथियार बेचने वाले गैंग का भंडाफोड़ करते हुए दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर जुगसलाई की गरीब नवाज कॉलोनी में छापेमारी कर हथियार सप्लायर जाहिद हुसैन उर्फ विक्की (25) और खरीदार मो. रेहान हुसैन (19) को रंगे हाथ दबोच लिया। आरोपियों के पास से एक लोडेड देसी पिस्टल, जिंदा कारतूस और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ है कि यह गिरोह 40 से 60 हजार रुपये में देसी पिस्टल की डील करता था। घटना की पूरी जानकारी
जानकारी के अनुसार, 3 जून को वरीय पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि जाहिद हुसैन उर्फ विक्की हथियार की डिलीवरी करने वाला है और मो. रेहान हुसैन उसे खरीदने आ रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक (नगर) के निर्देशन और डीएसपी (विधि-व्यवस्था) सुमित कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने जुगसलाई स्थित गरीब नवाज कॉलोनी के रेलवे पुल के नीचे छापेमारी कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने अवैध हथियार कारोबार में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर नदी किनारे रेलवे पुल के नीचे झाड़ियों से एक लोडेड देसी पिस्टल बरामद की गई। संगठित हथियार तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़
पूछताछ में जाहिद ने पुलिस को बताया कि मुख्य अवैध हथियार आपूर्तिकर्ता एक देसी पिस्टल 40 से 60 हजार रुपये में उपलब्ध कराते हैं और वह सप्लायर तथा खरीदारों के बीच संपर्क सूत्र का काम करता था। पुलिस के अनुसार, यह मामला एक बड़े संगठित हथियार तस्करी नेटवर्क से जुड़ा है। गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। फिलहाल, दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

Tags - Jamshedpur News Crime News Arms Smuggling Police Action Jharkhand News