जमशेदपुर:
जमशेदपुर पुलिस ने शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में चोरी और छिनतई की घटनाओं को अंजाम देने वाले एक संगठित गिरोह का खुलासा किया है। वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. एहतेशाम वकारिब के निर्देश पर गठित SIT ने कार्रवाई करते हुए गिरोह के 5 सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से 33 मोबाइल फोन, सोने-चांदी के आभूषण, 2 चोरी की स्कूटी और 1 मोटरसाइकिल बरामद की है।

सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के बागुनहातु निवासी तुषार कालिंदी उर्फ तुषार भाई, सन्नी कालिंदी उर्फ नंदू, लक्ष्मण बागती, आकाश दत्ता उर्फ चेपा और सावन देवगम उर्फ बच्चा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आकाश दत्ता और सावन देवगम का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस अब गिरोह के अन्य संभावित सदस्यों और बरामद मोबाइल फोन के वास्तविक मालिकों का पता लगाने में जुटी है।

पुलिस को मिली गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई
दरअसल, पुलिस को सूचना मिली थी कि MGM अस्पताल परिसर के आसपास गिरोह के सदस्य किसी नयी वारदात को अंजाम देने की फिराक में जुटे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने जमशेदपुर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में मोबाइल, पर्स, बाइक, स्कूटी और चेन चोरी व छिनतई की कई घटनाओं को अंजाम देने की बात स्वीकार की।
पकड़े गए बदमाश इन वारदातों में संलिप्त रहे
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों और बरामद सामान के मिलान के बाद एमजीएम और सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के 6 मामलों का खुलासा हुआ है। इस मामले में एमजीएम थाना में कांड संख्या 98/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गयी है। पुलिस के अनुसार, गिरोह के सदस्यों ने तुरियाबेड़ा में महिला से छिनतई किये गये सोने के लॉकेट लगे मोती के माला, एमजीएम अस्पताल से चोरी हुए वीवो और मोटो जी57 पावर मोबाइल, अस्पताल में हुई पॉकेटमारी और पार्किंग से चोरी हुई एक्टिवा स्कूटी सहित अन्य घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। इसके अलावा मानगो बस स्टैंड से चोरी हुई बिना नंबर की यामाहा फैसिनो स्कूटी भी बरामद की गयी है।
आरोपियों की निशानदेही पर ये सामान बरामद
गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर बागुनहातु से 33 मोबाइल फोन बरामद किया गया हैं। इनमें आईफोन, वीवो, ओप्पो, रियलमी और सैमसंग समेत विभिन्न कंपनियों के एंड्रॉयड और कीपैड मोबाइल शामिल हैं। पुलिस ने एक सोने का लॉकेट, चांदी की माला में सिटीगोल्ड का मंगलसूत्र, तीन पतली चांदी की चेन और एक कान का टॉप भी बरामद किया है। इसके अलावा पुलिस ने दो चोरी की स्कूटी और छिनतई की घटनाओं में इस्तेमाल की गयी स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (जेएच05डीएक्स-1935) को जब्त किया है।