रांची
प्रीमियम पेट्रोल की कीमतों में बढ़ोतरी ने आम लोगों की चिंता और बढ़ा दी है। 20 मार्च 2026 को तेल कंपनियों ने बड़ा फैसला लेते हुए प्रीमियम पेट्रोल के दाम में प्रति लीटर 2.09 रुपये तक की बढ़ोतरी कर दी है। इस बढ़ोतरी का सीधा असर झारखंड के शहरों में भी देखने को मिल रहा है।
जानकारी के अनुसार, मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव का असर अब ईंधन बाजार पर भी पड़ने लगा है। पहले से ही एलपीजी की किल्लत झेल रहे लोगों के लिए अब पेट्रोल महंगा होना एक नई परेशानी बन गया है।
.jpg)
झारखंड में नए रेट लागू
राजधानी रांची में प्रीमियम पेट्रोल का दाम 105.29 रुपये से बढ़कर 107.32 रुपये प्रति लीटर हो गया है। वहीं धनबाद में इसकी कीमत 104.59 रुपये से बढ़कर 106.63 रुपये प्रति लीटर पहुंच गई है। पेट्रोल पंप संचालकों का कहना है कि यह बढ़ोतरी तेल कंपनियों के निर्देश के अनुसार लागू की गई है।
प्रीमियम पेट्रोल की कीमत बढ़ने से निजी वाहन चलाने वाले लोगों की जेब पर सीधा असर पड़ेगा। खासकर रोजाना सफर करने वाले लोगों के खर्च में बढ़ोतरी होगी। पहले से महंगाई झेल रहे लोगों के लिए यह राहत की खबर नहीं है।
.jpg)
वैश्विक हालात का असर
विशेषज्ञों का मानना है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव और मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के कारण ईंधन की कीमतें बढ़ रही हैं। आने वाले दिनों में यदि हालात सामान्य नहीं होते हैं, तो कीमतों में और बढ़ोतरी की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। इस तरह एलपीजी संकट के बाद अब पेट्रोल की बढ़ती कीमतों ने आम आदमी की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं।
.jpeg)