logo

मौसम : 25 जनवरी तक इन जिलों में होगी बारिश, ठंड से अभी राहत नहीं

2cb212e8-5c13-485c-9d5f-e5178244bd0f.jpg

द फॉलोअप टीम, रांचीः

ठंड का कहर जारी है। शाम होते ही हाड़ कंपाने वाली ठंड शुरू हो जाती है। राजधानी रांची में सुबह से बादल छाए हुए थे। बादलों के रहते भी ठंड महसूस की जा रही थी। जैसे-जैसे दिन चढ़ता जा रहा है बादल हट गये है और गुनगुनी धूप खिल गई। मौसम विभाग के मुताबिक पहले ही कहा गया था कि राज्य का मौमस 22 जनवरी से अपने मिजाज बदलने को तैयार है। यानि आज से 25 जनवरी तक पूरे राज्य में बारिश होने के आसार हैं। शनिवार को गढ़वा से लेकर साहिबगंज तक के इलाकों में बारिश होगी। इसका असर गुमला, रामगढ़ और बोकारो में भी दिखेगा। 

ओलावृष्टि की भी आशंका 
मौसम केंद्र के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि 23 जनवरी को राज्य के कई स्थान पर बारिश होगी। इस दौरान गढ़वा, डालटनगंज, लातेहार, लोहरदगा, चतरा, कोडरमा, रांची, खूंटी, रामगढ़, बोकारो, गुमला और हजारीबाग में ओलावृष्टि का यलो अलर्ट जारी किया गया है। 24 और 25 जनवरी को उत्तर पूर्वी, दक्षिण पूर्वी और मध्य भाग में हल्की बारिश होगी।

26 जनवरी को साफ रहेगा मौसम
मौसम पूर्वानुमान के अनुसार गणतंत्र दिवस के दिन 26 जनवरी को मौसम साफ रहेगा। लेकिन सुबह में कुहासा उस दिन भी रहने की संभावना है। मोरहाबादी में होने वाले मुख्य समारोह को लेकर मैदान में अतिथियों के लिए स्टेज व साउंड बॉक्स के लिए टॉवर आदि का निर्माण किया जा रहा है।

क्यों हो रहा है मौसम में बदलाव 
दरअसल पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से राजस्थान में बना साइक्लोनिक सर्कुलेशन अभी मध्य प्रदेश के मध्य भाग में चला गया है। इस वजह से झारखंड के ऊपर बादल की आवा-जाही हो रही है। आसमान में बादल छाने के बाद रात के तापमान में थोड़ी बढ़ोत्तरी होगी, लेकिन फिर दो दिन बाद न्यूनतम तापमान में गिरावट आएगी। राजधानी रांची समेत राज्य के प्रमुख शहरों का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेसि है।