द फॉलोअप डेस्क
प्रदेश भाजपा 15 मई से आजीवन सहयोग निधि अभियान शुरू होगी। बुधवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष सह सांसद दीपक प्रकाश की अध्यक्षता में इसको लेकर बैठक हुई। जिसमें दीपक प्रकाश ने कहा कि भाजपा अपने नीतियों सिद्धांतों के साथ अपनी कार्यपद्धति के बल बूते ही पार्टी विथ डिफरेंस बनी है। भाजपा के कार्यकर्ता पार्टी की पंच निष्ठाओं के प्रति जितने समर्पित हैं उतना ही सचेत आर्थिक शुचिता के लिए भी हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी का हर कार्यकर्ता पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी की पुण्य तिथि 11 फरवरी को समर्पण दिवस के रूप मनाते हुए यथाशक्ति राशि समर्पित करते है। इसके अलावा समाज से आग्रह कर समर्पण करवाते भी हैं। पार्टी समर्पण दिवस के अलावा धन संग्रह के लिए आजीवन सहयोग निधि अभियान भी चलाती है। इस वर्ष प्रदेश भाजपा ने 15 मई से 10 जून तक आजीवन सहयोग निधि अभियान चलाने का निर्णय लिया है।

भाजपा सबका साथ, सबका विकास पर करती है विश्वास- बाबूलाल
विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी ने कहा कि भाजपा सबका साथ, सबका विकास पर विश्वास करती है। साथ ही पार्टी की गतिविधियों के सफल संचालन के लिए पूरी पारदर्शिता के साथ जनता से आर्थिक सहयोग भी प्राप्त करती है। बाबूलाल ने कहा कि भाजपा को विश्व की सबसे बड़ी पार्टी बनाने में देश की करोड़ों जनता एवम समर्पित कार्यकर्ताओं का योगदान है।

समाज सहयोग करने के लिए है तैयार- नागेंद्र त्रिपाठ
क्षेत्रीय संगठन महामंत्री नागेंद्र त्रिपाठी ने कहा कि भाजपा की नीतियों, कार्यक्रमों पर जनता का भरोसा लगातार बढ़ता जा रहा। लोग सशक्त भारत के लिए सशक्त भाजपा भी देखना चाहते हैं। इसलिए जनता न सिर्फ मतों के माध्यम से बल्कि भाजपा के कार्यक्रमों को आगे बढ़ाने के लिए आर्थिक सहयोग भी बढ़ चढ़कर करना चाहती है। वहीं, प्रदेश टोली के संयोजक डॉ दिनेशानंद गोस्वामी ने कहा कि अभियान के सफल संचालन केलिए प्रदेश एवं जिला स्तर की टोली बनाई गई है। अभियान को सफल बनाने केलिए जिला, मंडल एवम बूथ स्तर तक बैठक आयोजित कर योजना बनाते हुए समाज से आर्थिक सहयोग प्राप्त करना है।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें : http://https://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT