logo

मेडिकल कॉलेज में दाखिले के नाम पर ठगी, मिहिजाम में बिहार पुलिस की दबिश

Fraud1.jpg

द फॉलोअप डेस्क 

जामताड़ा जिले के मिहिजाम में एक बार फिर धोखाधड़ी के पुराने मामले को लेकर चर्चा तेज है। मेडिकल कॉलेज में नामांकन दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने के आरोपी की तलाश में बिहार पुलिस ने मिहिजाम पहुंचकर जांच-पड़ताल की। बिहार के भागलपुर जिले की मोजाहिदपुर बबरगंज थाना पुलिस मंगलवार रात मिहिजाम पहुंची। पुलिस टीम ने कृष्णानगर रोड नंबर-1 निवासी आर. बी. चौधरी के नाम-पते का सत्यापन किया और उसके आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई। जांच अधिकारी सब-इंस्पेक्टर विशाल कुमार ने बताया कि आरोपी के खिलाफ वर्ष 2018 में धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया था।

इस मामले में मुख्य आरोप यह है कि आरोपी ने मेडिकल कॉलेज में दाखिला दिलाने का झांसा देकर कई लोगों से मोटी रकम वसूली थी। आरोपी के विरुद्ध बबरगंज थाना कांड संख्या 27/18 के तहत निम्न धाराओं में मामला दर्ज है, जिनमें धारा 406 विश्वासघात, धारा 420 धोखाधड़ी, धारा 120B आपराधिक साजिश और धारा 34 सामान्य इरादा के तहत मामला दर्ज किया गया था। बिहार पुलिस ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से आरोपी की भूमिका की गहन जांच की है। फिलहाल पुलिस साक्ष्य जुटाकर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी करने में जुटी है।

Tags - medical college admission fraud Mihijam fraud case Bihar police raid Mihijam Bhagalpur police investigation admission scam India education fraud case RB Chaudhary Mihijam Babraganj Mojahidpur police station