logo

शादी की तैयारियों के बीच युवक की संदिग्ध मौत, बहन को भेजा था आखिरी मैसेज

ूदजग2.jpg

द फॉलोअप डेस्क

जमशेदपुर के गोलमुरी थाना क्षेत्र स्थित गाढ़ाबासा के मदन चक्की के समीप रहने वाले एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गयी। मृतक की पहचान फ्रांसिस बाकची उर्फ सोनू के रूप में हुई है, जो कि स्व कामेश्वर झा के मकान में किराये पर रहता था। घटना की सूचना मिलते ही गोलमुरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। वहीं घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है। जानकारी के अनुसार, मृतक फ्रांसिस पहले एयरबेस लॉजिस्टिक्स में कार्यरत था। वर्तमान में वह गम्हरिया स्थित बीएमडब्ल्यू आईएसएल यार्ड में काम कर रहा था। परिवार में उसके एक भाई और एक बहन हैं। उसकी शादी परसुडीह के करणडीह क्षेत्र की एक युवती से तय हुई थी और घर में विवाह की तैयारियां चल रही थी।

आर्थिक तंगी से जूझ रहा था

परिजनों के मुताबिक वह पिछले कुछ समय से आर्थिक तंगी और अन्य निजी कारणों को लेकर तनाव में था। बताया जाता है कि फ्रांसिस पूर्व में एक वैवाहिक संबंध में रह चुका था, जो बाद में टूट गया था। इस बीच आगामी शादी की तैयारियों और खर्चों को लेकर वह चिंतित रहता था। उसने अपने परिचितों से आर्थिक व्यवस्था के लिए अपनी मारुति डिजायर कार बेचने की बात भी कही थी। बाद में उसने कार करीब दो लाख रुपये में बेच दी थी।

बहन को किया था आखिरी मैसेज

मृतक के भाई रॉबर्ट बाकची ने बताया कि रविवार तड़के करीब 2.30 बजे फ्रांसिस ने अपनी बहन के मोबाइल पर संदेश भेजा था। संदेश में उसने अपनी परिस्थितियों से परेशान होने की बात लिखी थी। इसके कुछ घंटे बाद उसकी मौत की सूचना मिली। स्थानीय लोगों का कहना है कि फ्रांसिस पिछले कुछ दिनों से काफी तनावग्रस्त दिखायी दे रहा था। मामले में पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और जांच पूरी होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।

Tags - Jamshedpur Golmuri Suspicious Death Jharkhand News Police Investigation