रांची:
14वीं जेपीएससी सिविल सेवा पीटी परीक्षा में कथित गड़बड़ी मामेल में सीआईडी औ रांची पुलिस की संयुक्त टीम ने मंगलवार को आयोग के दफ्तर में छापा मारा। इस दौरान जेपीएससी की असिस्टेंट परीक्षा नियंत्रक श्वेता गुप्ता समेत 4 लोगों को हिरासत में लिए जाने की सूचना है। हालांकि, अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। बताया जाता है कि इस कार्रवाई को लेकर जेपीएससी में हड़कंप मच गया है।
यह भी जानकारी सामने आ रही है कि सीआईडी और रांची पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी के दौरान पेन ड्राइव, हार्ड-डिस्क और अहम दस्तावेजों को जब्त किया है। पुलिस प्रारंभिक परीक्षा में गड़बड़ी की शिकायतों की गंभीरता से जांच कर रही है।

परीक्षा कराने वाली एजेंसी का दफ्तर सील
खबरें ये भी हैं कि सीआईडी और रांची पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ाते हुए परीक्षा आयोजित कराने वाले एजेंसी TDPL के ठिकानों पर भी दबिश दी। इस कार्रवाई के दौरान एजेंसी से जुड़े 3 लोगों को हिरासत में लिए जाने की सूचना है, जबकि दफ्तर को सील कर दिया गया है। अधिकारियों ने छापेमारी के दौरान पेन ड्राइव और हार्ड-डिस्क समेत कई डिजिटल उपकरण जब्त किए हैं। परीक्षा प्रक्रिया से जुड़े अहम दस्तावेजों को भी जब्त किया गया है। हिरासत में लिए गए सभी लोगों से एजेंसी की पूछताछ जारी है।